पश्चिम रेलवे के पीआरओ ने मलाड स्टेशन के पास सिग्नल फेल होने के पीछे की वजह केबल में खराबी बताई है। उन्होंने कहा कि सिग्नल में गड़बड़ी सुबह करीब 11:45 बजे हुई थी और शाम 5:45 बजे तक सभी लाइनों पर सेवाएं बहाल कर दी गईं।
महाराष्ट्र में मंगलवार को सिग्नल फेल होने के कारण पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेन सेवा प्रभावित हुई। इसके चलते यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा। एक अधिकारी ने इस बारे में बताया कि मलाड के पास मुंबई लोकल ट्रेन का सिग्नल फेल होने के कारण पश्चिम रेलवे लाइन पर लोकल ट्रेन दोपहर से शाम तक 30 से 45 मिनट की देरी से चलीं। इस दौरान स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई।
विज्ञापन
पश्चिम रेलवे के पीआरओ ने मलाड स्टेशन के पास सिग्नल फेल होने के पीछे की वजह केबल में खराबी बताई है। उन्होंने कहा कि सिग्नल में गड़बड़ी सुबह करीब 11.45 बजे हुई थी। इसके बाद टीम ने डाउन स्लो लाइन (विरार बाउंड) को पहले ठीक कर दिया था, जिसके बाद उसे बहाल कर दिया गया। हालांकि सभी चार लाइनों पर सिस्टम को बहाल करने में लगभग छह घंटे लग गए।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने कहा कि शाम 5:45 बजे तक सभी लाइनों पर सेवाएं बहाल कर दी गईं। उन्होंने यह भी बताया कि मुंबई मंडल के एक अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक सिग्नल की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
विज्ञापन
इस बीच, कई यात्रियों ने ट्रेन के देर से चलने के कारण हुई असुविधाओं की शिकायत की। कुछ यात्रियों ने दावा किया कि रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ और लंबे इंतजार ने यात्रा को असहनीय बना दिया। मीरा रोड की एक निवासी ने कहा कि जिस ट्रेन में वह सवार हुई थी, उसे मीरा रोड से अंधेरी के बीच की दूरी तय करने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया। जबकि आम दिनों में इस यात्रा में लगभग 30 मिनट समय लगता है।