शिवसेना विधायकों ने की शिंदे से डिप्टी सीएम बनने का आग्रह
शिवसेना विधायकों ने इससे पहले बुधवार को पार्टी अध्यक्ष एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। विधायकों ने उनसे नई महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री का पद संभालने का आग्रह किया। पार्टी विधायकों ने कहा कि वे पिछले दो दिनों से शिंदे से मिल रहे हैं और उन्हें नई सरकार का हिस्सा बनने के लिए मना रहे हैं। दिन भर विधायकों का मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास वर्षा में तांता लगा रहा। पार्टी विधायक भरत गोगावले ने कहा कि हमने उनसे नई सरकार का हिस्सा बनने का आग्रह किया क्योंकि इससे पार्टी और सरकार दोनों को मदद मिलेगी। हमें उम्मीद है कि वह हमारे अनुरोधों का सम्मान करेंगे। सभी विधायक और सांसद इस बात पर जोर दे रहे हैं कि शिंदे नई सरकार में शामिल हों।
महायुति नेताओं ने बुधवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया। महायुति में शामिल भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस, शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे और एनसीपी नेता अजित पवार ने राजभवन में राज्यपाल को विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा। इसके बाद भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि मैं शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुख्यमंत्री पद के लिए मेरे नाम का समर्थन किया है। एनसीपी नेता अजित पवार ने भी मेरे नाम की सिफारिश की।
पढ़ें पूरी खबर...
शिवसेना नेता उदय सामंत ने भी बुधवार को कहा था कि शिवसेना कार्यकर्ताओं, विधायकों और सांसदों की चाहत है कि एकनाथ शिंदे को डिप्टी सीएम का पद लेना चाहिए। हालांकि, शिंदे ने उनसे कहा है कि वह राज्य का दौरा शिवसेना प्रमुख के तौर पर करना चाहते हैं। लेकिन पार्टी चाहती है कि वह डिप्टी सीएम का पद लेकर प्रशासन का हिस्सा बनें। सामंत के इस बयान से माना जा रहा है कि नई सरकार में एकनाथ शिंदे उपमुख्यमंत्री का पद लेने के लिए उत्सुक नहीं हैं।
पढ़ें पूरी खबर...