शिवसेना ने दी मोदी सरकार को नसीहत
- फोटो : PTI
अगस्ता घोटाले के मामले में भाजपा आए दिन सोनिया गांधी पर हमले तेज करती जा रही है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक रैली के समय सोनिया गांधी पर निशाना साधा था। ऐसे में शिवसेना ने भाजपा को अपनी पुरानी गलती न दोहराने की नसीहत दी है।
शिवसेना के अनुसार अगर इसी तरह से भाजपा सोनिया गांधी के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाती रहेगी, तो हो सकता है सोनिया गांधी को इंदिरा गांधी की तरह इसका नुकसान होने के बजाय फायदा हो।
आपको बता दें कि जनता पार्टी के शासनकाल में जनता सरकार ने इंदिरा गांधी के खिलाफ पूरी ताकत लगा दी थी, जिसका इंदिरा गांधी को सत्ता में आने में बहुत अधिक फायदा मिला था।
शिवसेना ने अपने मुखपत्र में कहा है कि जनता पार्टी की सरकार भी सरकार चलाने के बजाए पूरी ताकत से इंदिरा गांधी के खिलाफ काम करने लगी थी, मानो उसका काम सिर्फ इंदिरा गांधी को परेशान करना था, जिसकी वजह से इंदिरा गांधी को वापस सत्ता में आने में काफी मदद मिली।
शिवसेना ने कहा है कि लोगों ने भाजपा को अपनी समस्याओं को हल करने के लिए चुना है, लेकिन भाजपा सरकार चलाने के बजाए कांग्रेस पर बार-बार निशाना साधने में लगी हुई है।
शिवसेना ने भाजपा को बिहार चुनाव से भी सीख लेने की नसीहत दी और कहा कि जहां सरकार का मकसद सोनिया गांधी और राहुल गांधी को जेल में डालने का लग रहा है, वहीं देश बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कालाधन जैसी बड़ी समस्याओं से जूझ रहा है।