सीएम योगी आदित्यनाथ लोकसभा में भाषण के दौरान
उत्तर प्रेदश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लोकसभा में पहुंचे तो बीजेपी सांसदों ने 'भारत माता की जय' का नारा लगाते हुए उनका स्वागत किया। योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री को ग्लोबल आइकन बताते हुए उनकी तारीफ की और 'सबका साथ, सबका विकास' की बात की।
शिवसेना ने अपने मुखपत्र 'सामना' में योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला है। शिवसेना ने कहा, उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य को चलाना, मठ को चलाने जैसा नहीं है। उन्हें धार्मिक कर्तव्यों से ज्यादा सुशासन पर ध्यान केंद्रीत करना चाहिए।
उत्तर प्रदेश में दो मुख्यमंत्रियों की नियुक्ति पर शिवसेना ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया है। बताते चलें कि उत्तर प्रदेश में जाति समीकरण को साधते हुए बीजेपी ने पिछड़ी जाति के केशव प्रसाद मौर्य और ब्राह्मण जाति के दिनेश शर्मा को उप मुख्यमंत्री बनाया है।
'सामना' में लिखा है, यूपी में दो मुख्यमंत्रियों की नियुक्ति हुई है, जबकि महाराष्ट्र में बीजेपी ने कहा था कि उनकी नीति में में उप मुख्यमंत्री का प्रावधान नहीं है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में उप मुख्यमंत्री का पद पाने के लिए वह पीडीपी की सरकार के साथ मिल गई। वहीं, साल 2014 में महाराष्ट्र विधानसभा में बीजेपी ने अपनी गठबंधन पार्टी शिवसेना को सिर्फ यह कहते हुए उप-मुख्यमंत्री पद देने से इनकार कर दिया था कि उनकी पार्टी में इसका प्रावधान नहीं है।