मीनाक्षी शिंदे, नवनिर्वाचित मेयर, ठाणे
- फोटो : ani
महाराष्ट्र के ठाणे नगर निगम के चुनाव में शिवसेना की मीनाक्षी शिंदे निर्विरोध मेयर चुन ली गईं। यहां शिवसेना ने कुल 131 सीटों में से 64 सीटों पर कब्जा जमाया है। वहीं बीजेपी को 21, एनसीपी को 31, कांग्रेस को 3 और अन्य को 4 सीटों पर जीत मिली थी।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के दस महानगरपालिकाओं में ठाणे को छोड़कर उल्हासनगर, पुणे, नासिक, नागपुर, पिंपरी-चिंचवड़, अमरावती, अकोला और सोलापुर में बीजेपी का कमल खिला है।
वहीं मुंबई के बीएमसी चुनाव में शिवसेना का ही मेयर होगा, क्योंकि बीजेपी ने मेयर पद के चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि बीजेपी मेयर और डिप्टी मेयर के पद के लिए होने वाले चुनाव से पीछे हट रही है। फडणवीस ने कहा कि मुंबई की जनता ने शिवसेना को सबसे ज्यादा सीटें जिताई हैं। इसलिए जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए बीजेपी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए होने वाले चुनाव में शिवसेना का साथ देगी।
शिवसेना ने मेयर पद के लिए विश्वनाथ महादेश्वर और डिप्टी मेयर पद के लिए हरेश्वर वर्लीकर को बतौर उम्मीदवार उतारा है।