नोटबंदी के मुद्दे पर एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए सरकार की प्रमुख सहयोगी शिवसेना ने कहा कि इतनी बहरी और निर्मम सरकार 10 हजार साल में नहीं आई। पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में लिखे संपादकीय में कहा गया कि भाजपा नेताओं को भ्रम है कि नोटबंदी से कालाधन खत्म हो गया है।
लेख में दिल्ली में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया कार्यालय के सामने महिला के निर्वस्त्र होने का उल्लेख करते हुए लिखा, ‘एक अबला सड़क पर खुलेआम सड़क पर कपड़े उतारकर सरकार को बहिष्कृत करती है, यह भी दिल्ली की सड़क पर घटा पुरस्कृत निर्भया कांड ही है।
हम मुख्यमंत्री से पूछना चाहते हैं आप किस तरफ है नोटबंदी या असहाय महिला। वो जो महिला है उसकी दुख या पीड़ा यदि सरकार को न समझ में आई हो तो इतनी निर्मम और बहरी सरकार पिछले 10 हजार साल में नहीं आई होगी। महिलाओं की दबी हुई सिसकियों और आक्रोश को इस महिला ने सड़क पर ला दिया है।’ शिवसेना ने कहा, ‘यदि आप इस महिला के कृत्य को राष्ट्रवाद की संज्ञा देते हैं तो आपके दिमाग का इलाज कराने के लिए तालिबानी डॉक्टर की जरूरत है।’