अपनी ही बेटी शीना बोरा की निर्मम हत्या की आरोपी इंद्राणी मुखर्जी अपने पति पीटर मुखर्जी से तलाक लेना चाहती है। चर्चा है कि वह अपने वसीयत में बदलाव कर अपनी संपत्ति दान करना चाहती है। उधर, सीबीआई की विशेष अदालत ने मंगलवार को शीना बोरा हत्याकांड में पीटर मुखर्जी, उसकी पत्नी इंद्राणी और इंद्राणी के पूर्व पति संजीव खन्ना पर हत्या, अपहरण, अपराध छिपाने व हत्या की साजिश रचने के अलावा आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप तय कर दिए।
शीना बोरा हत्याकांड की आरोपी इंद्राणी ने मंगलवार को न्यायाधीश एचएस महाजन के सामने कहा कि वह अपने पति पीटर को तलाक देना चाहती है। इससे जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए उन्हें अनुमति दी जाए। इससे पहले इंद्राणी ने अदालत से पूछा कि वह न्यायिक कोर्ट में है। इसलिए जानना चाहती है कि यह मामला यहां दायर होगा या फिर फैमिली कोर्ट में आवेदन करना होगा। इंद्राणी के इस आग्रह को स्वीकार करने के बाद न्यायाधीश ने कहा कि इंद्राणी चाहे तो इसके लिए पारिवारिक अदालत में अर्जी दे सकती है। न्यायाधीश ने यह भी कहा कि वह इसके लिए जेल से भी कार्रवाई कर सकती है।
उधर, पीटर, इंद्राणी और संजीव पर आरोप तय करने के बाद न्यायाधीश एचएस महाजन ने कहा कि मामले में ट्रायल एक फरवरी से शुरू होगा। वैसे आरोप तय होने के बाद तीनों आरोपियों ने खुद को बेगुनाह बताया और आरोपों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। आरोप तय किए जाने के वक्त तीनों आरोपी अदालत में मौजूद थे। इन्हें अलग-अलग बैठाया गया था। पीटर पर हत्या और हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है, जबकि संजीव और इंद्राणी पर शीना की हत्या के अलावा उसके भाई मिखाइल की हत्या की साजिश रचने व दस्तावेजों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया लगा है।