मथुरा के बालाजीपुरम निवासी शशिकांत भारद्वाज का चयन अमेरिका के अल्बामा में होने वाली ‘नासा ह्यूमन एक्सप्लोरेशन रोवर चैलेंज’ प्रतियोगिता के लिए किया गया है। उनका चयन उनके द्वारा बनाई गई ऐसी मून बग्गी के लिए किया गया है जो कि चांद की सतह पर चलने में सक्षम है।
शशिकांत ने बताया कि नासा रोवर चैलेंज के तहत छात्र दल को मानवयुक्त रोवर का प्रारूप, निर्माण, परीक्षण और अवरोधक से भरे एक पथ पर इनकी आपस में दौड़ करानी होगी। यह एक ऐसे क्षेत्र का प्रतिरूप होगा, जैसे सुदूर ग्रह और उपग्रहों पर होता है। इस दल को अवरोधक से भरी एक चौथाई मील लंबी दूरी को जल्द से जल्द पूरा करना होगा।
इसलिए अभियान के तहत ऐसी मून बग्गी का निर्माण किया गया है। इसकी खासियत है कि यह नासा के नियम के अनुसार पांच फीट बाई पांच फीट के बॉक्स में फिट हो जाती है। इसका निर्माण स्पेस डेवलेपमेंट नेक्सस के निर्देशन में मात्र दस दिन में हुआ है। इसके निर्माण में संजय राठी, महीप सर के साथ सभी मेंटर्स का भी सहयोग रहा।