कहा, भले ही एनएसजी की सदस्यता हासिल करने में सफलता नहीं मिली, लेकिन पीएम ने किए बेहतर प्रयास
- फोटो : PTI
परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) को लेकर पार्टी के अंदर और बाहर चौतरफा घिरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने जमकर सराहना की है। एनएसजी में भारत को शामिल कराने की कोशिश के लिए प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए पवार ने कहा कि भले ही भारत को एनएसजी की सदस्यता हासिल नहीं हुई, लेकिन प्रधानमंत्री ने अब तक का सबसे बेहतर प्रयास किया।
वहीं, दूसरी ओर एनएसजी में भारत की सदस्यता को लेकर सरकार की विफलता के लिए प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस सहित विपक्षियों के निशाने पर हैं। ऐसे में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए के घटक दल एनसीपी की ओर से की गई सराहना मोदी के लिए जरूर राहत भरी खबर है।
कोल्हापुर में एक कार्यक्रम में शरद पवार ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हाराव से लेकर डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में भी भारत का यह प्रयास हुआ था।
दरअसल, एनएसजी में शामिल सभी सदस्य देशों की सहमति जरूरी है, इसलिए एक-दो देशों के विरोध के कारण भारत को अभी तक इसमें कामयाबी नहीं मिल पाई है। शरद पवार ने कहा कि एनएसजी में शामिल होने की भारत की इच्छा भले ही पूरी नहीं हो पाई, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके लिए काफी कोशिश की।
भाजपा-शिवसेना में नहीं होगा तलाक
शरद पवार ने एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों की सराहना की। वहीं, दूसरी ओर महाराष्ट्र की भाजपा-शिवसेना गठबंधन सरकार की खिंचाई की। पवार ने कहा कि दोनों दल के बीच भले ही शीतयुद्ध जैसी स्थिति है, लेकिन दोनों तलाक नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा-शिवसेना सत्ता से चिपके हुए हैं, जो कभी अलग नहीं हो सकते हैं।
Published By Rahul Sankrityayan