कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने किताब में वीर सावरकर से जुड़े अंशों पर आपत्ति जताई है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि किताब में सावरकर का अपमान किया गया है और इतिहास को गलत तरीके से पेश किया गया है।
शिवसेना नेताओं ने किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखी बातों पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से इन अंशों को हटाने की मांग की। इसी विरोध के दौरान पार्टी नेताओं ने किताब की प्रतियां और कुछ पन्ने फाड़े।
विरोध के दौरान बालासाहेब की तस्वीर कैसे फटी?
मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शाइना एनसी, संजय निरुपम और आनंद दुबे समेत शिवसेना के नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब का विरोध किया। इस दौरान नेताओं ने एक पुरानी तस्वीर भी दिखाई। इसमें शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले को चप्पल मारते नजर आ रहे थे।
बताया गया कि यह तस्वीर साल 2004 की है। उस समय बालासाहेब ने सावरकर के कथित अपमान के विरोध में अय्यर के पुतले पर चप्पल मारी थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाइना एनसी ने किताब के पन्ने फाड़ते समय इस तस्वीर को भी फाड़ दिया। उनके साथ मौजूद संजय निरुपम ने इस ओर ध्यान दिलाया। इसके बाद शाइना ने फटी तस्वीर को कागजों के नीचे रख दिया।
शाइना एनसी ने क्या सफाई दी?
विवाद बढ़ने पर शाइना एनसी ने सफाई दी कि उन्होंने बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर का अपमान नहीं किया। उनका कहना है कि तस्वीर में मणिशंकर अय्यर का चेहरा था और उन्होंने उसी हिस्से को फाड़ा था। शाइना ने कहा कि वह अय्यर की तस्वीर एक बार नहीं, बल्कि हजार बार फाड़ेंगी।
उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले को चुनौती देते हुए कहा कि वे सबूत दिखाएं कि उन्होंने बालासाहेब का अपमान किया है। शाइना ने यह भी चेतावनी दी कि उनके खिलाफ गलत बातें फैलाने वालों पर मानहानि का मुकदमा किया जाएगा।
कांग्रेस और उद्धव गुट ने क्या आरोप लगाए?
कांग्रेस ने इस घटना को बालासाहेब ठाकरे का अपमान बताया। पार्टी नेताओं ने शाइना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने मामले में एफआईआर दर्ज करने, सख्त कार्रवाई करने और देश से माफी मांगने की मांग की।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के नेताओं ने भी शाइना पर निशाना साधा। मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि बालासाहेब का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने शाइना को पार्टी से हटाने की मांग भी की।
यह भी पढ़ें: कावेरी के पानी पर टकराव बढ़ा: तमिलनाडु ने कर्नाटक की मेकेदातु परियोजना पर जताया विरोध; केंद्र से क्या मांग की?
शिंदे और उनकी पार्टी ने शाइना का बचाव कैसे किया?
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने शाइना का बचाव किया। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे हर शिवसैनिक के लिए भगवान जैसे हैं। कोई भी शिवसैनिक जानबूझकर उनका अपमान नहीं कर सकता। शिंदे ने कहा कि उन्होंने खुद तस्वीर देखी थी और उसमें मणिशंकर अय्यर का चेहरा फाड़ा गया था, बालासाहेब का नहीं।
शिवसेना के नेता सचिन अहिर ने भी कांग्रेस और उद्धव गुट के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि यह यूबीटी गुट का झूठा विवाद है। शिंदे ने सोनिया गांधी की किताब में सावरकर से जुड़ी बातों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग खुद को हिंदुत्ववादी कहते हैं, वे सावरकर के कथित अपमान पर चुप क्यों हैं।
शिवसेना यूबीटी का प्रदर्शन
इस घटना के बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस ने इसे बालासाहेब और महाराष्ट्र की अस्मिता का अपमान बताते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया और शाइना एनसी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस विवाद पर सफाई देते हुए शाइना एनसी ने विपक्षी दलों पर घटना को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया।
कब आई सोनिया गांधी की किताब?
सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' 10 नवंबर को प्रकाशित हुई थी। इसका औपचारिक विमोचन 16 नवंबर को नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान हुआ। किताब में सोनिया गांधी ने अपने जीवन, परिवार और राजनीति से जुड़े अनुभव साझा किए हैं। हालांकि, सावरकर से जुड़े अंशों को लेकर अब यह किताब राजनीतिक विवाद के केंद्र में आ गई है।