राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्वीट ने सियासत को एक बार फिर हवा दे दी है। उनके ट्वीट (एक हिंदुत्ववादी ने गांधी जी को गोली मारी थी) के बाद शिवसेना नेता संजय राउत का बयान सामने आया है। संजय राउत ने कहा है कि अगर हिंदुत्ववादी होता तो गांधी को नहीं जिन्ना को गोली मारता। यही देशभक्ति का काम होता।
"पाकिस्तान की मांग करने वाले जिन्ना की वजह से देश का बंटवारा हुआ। कई लोग मारे गए। अगर कोई वास्तविक हिंदुत्ववादी होता, मर्द होता, उसमें मर्दानगी होती तो वह गांधी को नहीं, जिन्ना को गोली मारता। यही देश भक्ति का काम होता। गांधी जैसे निशस्त्र व्यक्ति, उस जैसे फकीर को गोली क्यों मारी? गांधी जी के निधन का आज भी दुनिया को शोक है।"
दरअसल, महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 'एक हिंदुत्ववादी ने गांधी जी को गोली मारी थी। सब हिंदुत्ववादियों को लगता है कि गांधी जी नहीं रहे। जहां सत्य है, वहां आज भी बापू ज़िंदा हैं!'