देश भर में होली के त्योहार खत्म होने के साथ ही देशभर में भीषण गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। गुजरात,महाराष्ट्र और राजस्थान के कई इलाकों में लू जैसी स्थिति बन गई है। इन राज्यों के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। महज 3 साल के अंदर यह दूसरा मौका है जब लू का दौर मार्च के पहले पखवाड़े में आ गया है। बीते दिनों देश के 11 राज्यों में पारा 38 डिग्री से अधिक रहा है। इसमें सबसे राजकोट, बाड़मेर, पणजी जैसे शहर शामिल है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार,गुजरात और उससे सटे हुए राजस्थान और पश्चिमी तट के कोंकण क्षेत्र में तापमान जरुर कम होगा। लेकिन लू का दौर जारी रहेगा। महाराष्ट्र के विदर्भ में 13-14 मार्च, ओडिशा में 13 से 16 मार्च, झारखंड 14 से 16 मार्च और पश्चिम बंगाल में 18 मार्च को भीषण लू चलने की आशंका जताई गई है। जबकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान में अगले एक हफ्ते के दौरान तेज गति से हवाएं चलेगी।
उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी स्थानों में अगले 48 घंटो के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। दरअसल, अगले एक हफ्ते के दौरान कम से कम दो पश्चिमी विक्षोभ हिमालय से गुजरेंगे। इसके असर से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जबकि 14 से 16 मार्च के बीच पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्यप्रदेश व राजस्थान के कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने और बारिश होने के सभी पूर्ण आसार है। पूर्वोत्तर के राज्य सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश व नागालैंड में अगले 4 से 5 दिन तक बारिश की संभावना है।
जबकि गुजरात,महाराष्ट्र, गोवा, पश्चिमी राजस्थान समेत पूरे पश्चिमी भारत में अगले 5 दिनों तक तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।