कर्नाटक के हासन जिले में शुक्रवार रात गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान एक भीषण हादसा हो गया। एक ट्रक श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गया। जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शोक प्रकट किया। उन्होंने घायलों के इलाज और मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद देने का एलान किया। सीएम ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा कि अधिकारियों को पीड़ितों को हरसंभव मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मृतकों की संख्या बढ़ी, तीन छात्र भी शामिल
देर रात हादसे से जुड़ा अपडेट शेयर करते हुए कर्नाटक पुलिस के वरिष्ठ पदाधिकारी- दक्षिणी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) एमबी बोरलिंगैया ने कहा, कल, रात 8 बजे से 8:45 बजे के बीच, मोसले होसल्ली में एक लॉरी लापरवाही से गणपति विसर्जन जुलूस में घुस गई। दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हो गई। ड्राइवर भी घायल हो गया। मृतकों में 6 ग्रामीण और 3 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई है।
सीएम सिद्धारमैया और हासन के स्थानीय प्रशासन का बयान
इससे पहले हादसे को लेकर मुख्यमंत्री ने एक्स हैंडल पर लिखा, हासन में गणेश विसर्जन के लिए जा रहे जुलूस से एक लॉरी की टक्कर में कई लोगों की मौत और 20 से ज़्यादा लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं प्रार्थना करता हूं कि मृतकों की आत्मा को शांति मिले और घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हों।
मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये का मुआवज़ा
सिद्धारमैया ने आगे लिखा, राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये का मुआवज़ा दिया जाएगा। सरकार इस घटना में घायल हुए लोगों के इलाज का खर्च भी वहन करेगी। उन्होंने संवेदना प्रकट करते हुए पीड़ितों का साथ देने की अपील करते हुए लिखा, 'यह बेहद दुखद क्षण है। आइए हम सब इस त्रासदी से प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हों।'
22 घायलों में एक की हालत नाजुक, सात घायलों का इलाज निजी अस्पताल में
सीएम के अलावा इस हादसे पर हासन प्रशासन की शीर्ष महिला पदाधिकारी (डिप्टी कमिश्नर) केएस लता कुमारी ने कहा, दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हुई है 22 लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज केआईएमएस अस्पताल में कराया जा रहा है। एक शख्स की हालत गंभीर है। सात लोगों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। स्थानीय पुलिस ने अभी तक घटना का पूरा ब्यौरा और हादसे के कारणों पर रिपोर्ट नहीं दी है।
हादसे के समय इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र बड़ी संख्या में मौजूद थे
डिप्टी कमिश्नर के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस आगे बढ़ रहा था और उसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल थे। अचानक एक ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। ऐसी खबरें हैं कि उस समय इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र बड़ी संख्या में मौजूद थे। उन्होंने इस बारे में विस्तृत जानकारी के लिए थोड़ा और इंतजार करने की अपील की।
कब और कहां हुआ हादसा?
यह घटना हासन जिले के होसहल्ली गांव में रात करीब 8:45 बजे गणेश चतुर्थी के अंतिम दिन हुई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों में ज्यादातर युवा लड़के शामिल हैं। सभी घायलों को हासन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अरकलागुडु से आ रहे ट्रक के चालक ने नियंत्रण खोकर श्रद्धालुओं को कुचल दिया। ग्रामीणों का कहना है कि लॉरी के पहिये के नीचे दबकर चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पूर्व सीएम और अब केंद्रीय मंत्री जेडीएस नेता का बयान
केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा, मुझे गहरा दुख है कि गणपति जुलूस में शामिल लोगों पर ट्रक चढ़ने से कई श्रद्धालुओं की जान चली गई। यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की। जेडीएस नेता ने राज्य सरकार से घायलों के मुफ्त इलाज के लिए कदम उठाने की अपील की।