निर्वाचन आयोग ने अगले साल पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी के मद्देनजर आयोग के महासचिव उमेश सिन्हा सोमवार को तमिलनाडु और पुडुचेरी जाएंगे। सिन्हा सोमवार और मंगलवार को तमिलनाडु, जबकि बुधवार को पुडुचेरी में चुनाव की तैयारियों का जायजा लेंगे। साथ ही अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त व अन्य के राज्यों का दौरा करने से पहले वरिष्ठ अधिकारी मतदाता सूची समेत विभिन्न तैयारियों का जायजा लेते हैं। इस बार कोरोना महामारी के बीच चुनाव कराने का आकलन भी किया जाएगा।
पिछले हफ्ते उप निर्वाचन आयुक्त सुदीप जैन तैयारियों का जायजा लेने पश्चिम बंगाल गए थे। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी की विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल मई और जून के बीच पूरा हो रहा है और वहां अप्रैल से जून के बीच चुनाव कराए जाने की उम्मीद है।