केंद्र सरकार ने शुक्रवार को नौकरशाही में बड़ा फेरबदल किया। राजस्थान कैडर के 1995 बैच के भारतीय वन सेवा (आईएफओएस) अधिकारी प्रवीण बोनिगाला को खुफिया जानकारी जुटाने वाले संगठन नेशनल इंटेलिजेंस ग्रिड (नैटग्रिड) का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कार्मिक मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में 16 अधिकारियों को संयुक्त सचिव या समकक्ष स्तर पर नियुक्त किया। मंत्रालय के आदेश के अनुसार, 1996 बैच के भारतीय सूचना सेवा अधिकारी आशीष गोयल को संस्कृति मंत्रालय में राष्ट्रीय संग्रहालय का अतिरिक्त महानिदेशक नियुक्त किया गया है। राहुल रमेश नांगारे केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत शत्रु संपत्ति (सीईपीआई) के संरक्षक होंगे।
वहीं अनिस जोसेफ चंद्रा को उपभोक्ता मामलों के विभाग के तहत नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनसीसीएफ) का प्रबंध निदेशक, नवीन कुमार शाह को राष्ट्रीय विकलांग वित्त और विकास निगम (एनएचएफडीसी) का सीएमडी और आभा रानी सिंह को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास और वित्त निगम (एनएमडीएफसी) का सीएमडी नियुक्त किया है।
सुंदरम रुक्मणी और योगिता राणा को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। चौहान सरिता चंद पशुपालन एवं डेयरी विभाग में संयुक्त सचिव होंगी, जबकि अनीता कर्ण खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगी।
साई बाबा दरबामुल्ला को ऊर्जा मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त
पंकज बोडखे को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (KVIC), मुंबई में वित्तीय सलाहकार बनाया गया है। साई बाबा दरबामुल्ला को ऊर्जा मंत्रालय में और बालमुरुगन डी को उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा वसुंधरा उपमन्यु को सार्वजनिक उद्यम विभाग में संयुक्त सचिव और अमृत राज कपड़ा मंत्रालय के अंतर्गत विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) होंगे।