साइबर अपराधियों की ओर से एक बुजुर्ग महिला को शिकार बनाते हुए उससे 11 लाख रुपयों की धोखाधड़ी करने का मामला सामना आया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि महिला को साइबर अपराधियों ने चूना तब लगाया जब वह पिज्जा और ड्राई फ्रूट्स का ऑनलाइन ऑर्डर देते समय पैसे वापस पाने की कोशिश कर रही थी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला तब प्रकाश में आया जब महिला इसकी शिकायत कराने बीकेसी साइबर पुलिस स्टेशन पहुंची। शिकायत के आधार पर सूचना एवं प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखेबाजी) व अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायत के अनुसार पीड़िता उप शहरी अंधेरी की रहने वाली है। उसने पिछले साल जुलाई में ऑनलाइन पिज्जा ऑर्डर किया था। इस पिज्जा के लिए अपने फोन से भुगतान करते समय उससे 9999 रुपये खो दिए थे। इसी तरह 29 अक्तूबर को भी ऑनलाइन माध्यम से ड्राई फ्रूट्स खरीदते समय भी महिला से 1496 रुपये खो दिए थे।
गूगल पर खोए पैसे ढूंढने का तरीका खोजा तो मिला साइबर अपराधी का नंबर
खोए हुए पैसों को वापस पाने के लिए उसने गूगल का सहारा लिया तो वहां उसे एक फोन नंबर मिला। इस नंबर पर महिला ने फोन मिलाया तो व्यक्ति ने पैसा वापस दिलाने का आश्वासन दिया और फोन पर एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा। इस एप से उसे महिला के फोन, बैंक जानकारी और पासवर्ड आदि की जानकारी मिल गई।
इसके बाद उस व्यक्ति ने 14 नवंबर से एक दिसंबर 2021 के बीच महिला के बैंक खाते से 11.78 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। महिला को जब इस बात का आभास हुआ कि उसने अपनी सारी जमा-पूंजी खो दी है, उसने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस का कहना है कि अपराधी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।