विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया ने कहा है कि ‘आजाद कश्मीर’ की बात करने वालों को पाकिस्तान चले जाना चाहिए। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के पीओके को पाक का हिस्सा बताने वाले बयान के एक दिन बाद तोगड़िया ने यह टिप्पणी की।
विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष तोगड़िया ने कहा, ‘कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। कश्मीर की आजादी की बात करने वालों को पाक चले जाना चाहिए, वरना हमारे सुरक्षा बल उनसे निपटने के लिए एके 47 लेकर सीमा पर तैयार खड़े हैं।’ फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा था, ‘पीओके पाकिस्तान का है और यह नहीं बदलने वाला है। चाहे भारत और पाकिस्तान कितनी भी जंग लड़ लें।’
पढ़ें- आजादी से पहले गरीब था किसान, बाद में हुआ कर्जदार : तोगड़िया
बॉलीवुड फिल्म ‘पद्मावती’ को लेकर हो रहे विवाद पर हिंदू नेता ने कहा कि सेंसर बोर्ड को इस मामले में अपना स्टैंड लेना चाहिए और फिल्म की रिलीज रोकनी चाहिए। ‘पद्मावती’ एक महान रानी थीं। यह देखा जाना चाहिए कि लोग उनके जीवन पर बनी फिल्म का विरोध आखिरकार क्यों कर रहे हैं? यह सेंसर बोर्ड की जिम्मेदारी है। उसे अपना स्टैंड लेना चाहिए और इस फिल्म को रिलीज नहीं होने देना चाहिए।
कई राजपूत संगठन यह कहते हुए फिल्म का विरोध कर रहे हैं कि इसमें इतिहास को तोड़मरोड़ कर दिखाया गया है और यह फिल्म हिंदुओं की भावनाओं को आहत करती है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के गुजरात विधानसभा चुनाव में जीत के लिए मंदिर-मंदिर दर्शनों के लिए जाने को तोगड़िया ने हिंदुओं की जीत बताया है।