पिछले करीब तीन सप्ताह से भी अधिक समय से लापता अरुणाचल प्रदेश के पहले माउंट एवरेस्ट विजेता तापी म्रा और उनके सहयोगी निको दाओ को खोजने के क्रम में शनिवार को खोजी दस्ता कैंप-2 पहुंचा। यहां पर उन्हें एक बैग और रसोई का कुछ सामान मिला। अभी उनके बारे में कुछ सुराग नहीं मिला है। दस्ता रविवार को भी कैंप-2 के आसपास खोजी अभियान चलाएगा। लगातार बारिश के चलते काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बारे में जानकारी देते हुए एडीसी और मिशन के इंचार्ज अशोक ताजो ने बताया कि सर्च अभियान में तेजी लाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि खोजी दस्ता शनिवार सुबह कैंप-2 पहुंचा। कैंप-1से कैंप-2 तक पहुंचने में करीब चार घंटे का समय लगा। बारिश के कारण मौसम बहुत खराब है। दृश्यता भी बहुत कम है। बहुत ही कठिन परिस्थितियों में खोजी दस्ता के सदस्य सर्च अभियान चला रहे हैं। कैंप-2 में केवल एक बैग और रसोई का कुछ सामान मिला। सर्च अभियान के सदस्यों ने कैंप-2 के आसपास खोजी अभियान चलाया। लेकिन कुछ भी सुराग हाथ नहीं लगा। दस्ते में शामिल एक पर्वतारोही की तबीयत थोड़ी खराब होने पर उसे तुरंत बेस कैंप शिफ्ट कर दिया गया। बाकी सभी की तबीयत ठीक है। अशोक ने बताया कि रविवार को मौसम ठीक रहा तो कैंप-2 के आसपास सर्च अभियान चलाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि तापी (37) अरुणचल प्रदेश की ऊंची चोटियों में से एक माउंट क्यारीसाटम (6890 मीटर) पर चढ़ाई के आधिकारिक मिशन पर थे। तापी म्रा ने 21 मई 2009 को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की थे।