शंघाई सहयोग संगठन(एससीओ) के तहत पाकिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ प्रस्तावित साझा सैन्य अभ्यास के लिए अभी भारतीय सेना को न्योता नहीं मिला है। इस साझा अभ्यास में भारत-चीन-पाकिस्तान की सेना भाग लेने वाली है। हालांकि भारत इसमें भाग लेगा या नहीं, इसे लेकर शुरू से संशय है।
भारतीय सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमें अभी एससीओ अभ्यास के बारे में कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। साझा अभ्यास सितंबर-अक्तूबर में प्रस्तावित है। इसे 'पब्बी-एंटी टेरर-2021' नाम दिया गया है। पब्बी पाकिस्तान के खैबर पख्तून ख्वाह प्रांत के नौशेरा जिले में स्थित है।
पाकिस्तान ने नहीं किया निर्णय
इस बीच मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान ने इस साझा अभ्यास में भारत को बुलाने को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं किया है। पाक के सैन्य अधिकारियों ने 'द डॉन' अखबार से चर्चा में यह बात कही। बता दें, भारत भी शंघाई सहयोग संगठन का सदस्य है। पिछले सप्ताह आठ सदस्यीय एससीओ की ओर से पाकिस्तान में संयुक्त अभ्यास की जानकारी दी गई थी।
उज्बेकिस्तान के ताशकंद में 18 मार्च को क्षेत्रीय आतंकवाद निरोधक ढांचे की परिषद (आरएटीएस) की 36वीं बैठक में इस संयुक्त अभ्यास का निर्णय लिया गया था। एससीओ के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने बैठक में आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद से लड़ने के लिए 2022-24 के लिहाज से सहयोग के कार्यक्रम के मसौदे को मंजूरी भी दी।