अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदे की जांच अदालत की निगरानी में कराने से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया है। साथ ही केंद्र सरकार के जवाब से संतुष्ट शीर्ष अदालत ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह समेत अन्य नेताओं की सौदे में कथित भूमिका की जांच कराने की मांग वाली याचिका का निपटारा कर दिया है।
सॉलिसिटर जनरल रंजीत कुमार ने शुक्रवार को जस्टिस दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है और वर्ष के अंत तक इस मामले में चार्जशीट दाखिल हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में वर्ष 2013 में एफआईआर दर्ज की गई थी।
इस वजह से अब याचिका का कोई मतलब नहीं है। बाद में मामले की जांच एसआईटी के हवाले कर दी गई। सरकार की दलीलों से संतुष्ट होकर पीठ ने याचिका का निपटारा कर दिया। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर केंद्र सरकार और सीबीआई को नोटिस जारी किया था। साथ ही पीठ ने याचिका में संवैधानिक पदों के बैठे लोगों पर की गई टिप्पणियों को हटाने का निर्देश दिया।