तामिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जयललिता की करीबी रहीं शशिकला के पति नटराजन की लंबे अर्से के बाद सार्वजनिक जीवन में वापसी हुई है। मंगलवार को जब राजाजी हाल में जयललिता के मृत शरीर के पास शशिकला के परिवार को लोग खड़े थे, उस वक्त भीड़ में जिस चेहरे को देखकर सबको हैरानी हो रही थी वो शशिकला के पति नटराजन थे।
नटराजन चुपचाप उस शीशेनुमा ताबूत के सर की तरफ खड़े थे जिसमें बाद में जयललिता के शरीर को रखा गया। नटराजन की इस हरकत की वजह से पार्टी कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया पर जयललिता के समर्थकों के कोपभाजन का शिकार होना पड़ा।
2011 में जयललिता ने शशिकला के परिवार के सभी सदस्यों को पार्टी से निकाल दिया था। इस घटना के दो महीने के बाद ही तंजावुर पुलिस ने नटराजन को जमीन हथियाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। नटराजन बीते कुछ सालों से गुमनामी में जीवन जी रहे थे। हमेशा लो-प्रोफाइल रहने वाले नटराजन ने ही जयललिता और उनके राजनीतिक गुरु रहे एमजी. रामचंद्रन की पत्नी जानकी के धड़े को 1989 में एक साथ लाने का काम किया था। शशिकला की जयललिता से पहली मुलाकात नटराजन ने ही कराई थी।