तमिलनाडु की पूर्व दिवंगत सीएम जयललिता की खासमखास रहीं और वर्तमान में एआईएडीएमके की महासचिव शशिकला जब चाहें अपने राज्य की मुख्यमंत्री बन सकती हैं। एआईएडीएमके के प्रवक्ता वी मैत्रेयन ने इंडिया टुडे कॉनक्लेव-साउथ में इस बात के संकेत दिए हैं कि शशिकला जब चाहें, तब सीएम बनने का फैसला ले सकती हैं।
पत्रकारों से बात करते हुए मैत्रेयन ने कहा ''यह चिनम्मा पर निर्भर करता है कि वह कब मुख्यमंत्री का पदभार संभालेंगी। हम इस बारें में कुछ भी कह नहीं सकते।"
मैत्रेयन का बयान इस बात को पुख्ता करता है कि जब भी एआईएडीएमके सत्ता में रही, तो पार्टी महासचिव ने ही सीएम के तौर पर उसकी कमान संभाली।
पार्टी प्रवक्ता के बयान के बाद इस तरह की अटकलें भी जोर पकड़ने लगी हैं कि नौकरशाही ने नए मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। कहा जा रहा है कि शशिकला 12 या 18 जनवरी में से किसी एक तारीख को सीएम पद की शपथ के लिए चुन सकती हैं।