हनुमान चालीसा विवाद के बाद चर्चा में आईं निर्दलीय सांसद नवनीत राणा ने पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। जिसके बाद मुंबई पुलिस आयुक्त ने एक सीसीटीवी फुटेज साझा की थी। इस वीडियो में नवनीत राणा अपने पति रवि राणा के साथ थाने में चाय पीते हुए नजर आ रही हैं। दोनों बेहद सहज तरीके से बैठे हुए और बातें करते देखे जा सकते हैं। वहीं, इस वीडियो के सामने आने के बाद शिवसेना के फायर ब्रांड नेता ने राणा दंपती पर निशाना साधा है और दोनों को 'बंटी-बबली' बताया है।
संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि मैं मुंबई पुलिस आयुक्त को धन्यवाद कहना चाहता हूं कि उन्होंने मुंहतोड़ जवाब दिया। शिवसेना नेता ने कहा, 'बंदी और बबली (नवनीत राणा और रवि राणा) ने आरोप लगाया था कि उनकी जाति की वजह से पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया है। विपक्ष के नेता ने इस महिला के लिए केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखा है, अब उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।' बता दें कि बंटी और बबली एक बॉलीवुड फिल्म के पात्र हैं जो चोर हैं और धोखाधड़ी करते हैं।
राणा ने राउत के खिलाफ नागपुर पुलिस आयुक्त से की शिकायत
उधर, राउत के इस बयान को लेकर जेल में बंद नवनीत राणा ने मंगलवार को नागपुर पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है और संजय राउत के खिलाफ अनुसूचित जाति/जनजाति अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है। यह शिकायत नवनीत राणा के निजी सहायक विनोद गुहे के माध्यम से नागपुर पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार के पास दर्ज कराई गई है। पुलिस आयुक्त ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्हें निर्दलीय सांसद की ओर से शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।
नवनीत राणा और अमरावती जिले की बाडनेरा विधानसभा सीट से विधायक उनके पति रवि राणा ने शनिवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने का आह्वान किया था। बाद में उन्होंने अपनी योजना बदल दी थी लेकिन मुंबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था और उनके खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। नवनीत राणा ने इसके बाद आरोप लगाया था कि दलित वर्ग से होने की वजह से पुलिस ने हमारे साथ दुर्व्यवहार किया।
संसदीय विशेषाधिकार समिति में उठा राणा की गिरफ्तारी का मुद्दा
वहीं, लोकसभा की संसदीय विशेषाधिकार समिति के एक सदस्य ने मंगलवार को हुई बैठक में नवनीत राणा की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया। समाचार एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार एक सदस्य ने बताया कि समिति सदस्यों ने नवनीत राणा की गिरफ्तारी पर नाखुशी व्यक्त की। यह बैठक दिल्ली में हुई थी और भाजपा के सदस्यों ने भी गिरफ्तारी के दौरान राणा के साथ दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाया। एक भाजपा सदस्य ने कहा कि यह गिरफ्तारी निंदनीय है, समिति को इसका संज्ञान लेना चाहिए।