महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने समृद्धि-महामार्ग एक्सप्रेसवे पर हो रहे हादसों के बारे में अजीब तर्क दिया है। उन्होंने शनिवार को छत्रपति संभाजी नगर जिले में कहा कि समृद्धि-महामार्ग एक्सप्रेसवे की सड़कें बहुत सीधी हैं, इसीलिए ड्राइवरों को नींद आ जाती है और दुर्घटनाएं होती हैं। हालांकि, आगे उन्होंने यह भी कहा कि हादसों के पीछे कारण चाहे जो भी हो, लेकिन उसमें सुधार की जरूरत है।
छत्रपति संभाजी नगर जिले में विभिन्न विकास कार्यक्रमों के उद्घाटन समारोह में पवार ने मराठा आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष मामले पर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा, महायुति सरकार मराठों को तो आरक्षण देना चाहती है, लेकिन अन्य समुदायों के आरक्षण को प्रभावित नहीं करना चाहती है। आरक्षण को अदालत में टिकना भी चाहिए। इससे पहले सोमवार को मुंबई के सह्यादरी गेस्ट हाउस में सीएम शिंदे की अध्यक्षता में मराठा आरक्षण पर सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में सीएम शिंदे के साथ उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार भी मौजूद थे।