भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को देवी मां को प्रसन्न करने के लिए जलते कोयले पर चलकर पूजा-अर्चना की। ओडिशा के पुरी जिले में चल रही झामू जात्रा में वह जलते हुए कोयले पर लगभग 10 मीटर तक चले। बाद में पात्रा ने ट्वीट किया, आज मैंने पुरी जिले की समंग पंचायत के रेबती रमन गांव की तीर्थयात्रा में भाग लिया, अग्नि पर चलकर मां की पूजा की और उनका आशीर्वाद लिया और ग्रामीणों के सुख-समृद्धि की कामना की।
विज्ञापन
पात्रा ने कहा, इस तीर्थयात्रा में, मैं आग पर चलकर और मां का आशीर्वाद प्राप्त करके खुद को धन्य महसूस कर रहा हूं। पात्रा ने ट्वीट के साथ एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें वह ग्रामीणों से घिरे हैं और आग पर चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। परंपरा के अनुसार, झामू जात्रा में भक्त देवी मां को प्रसन्न करने के लिए आग पर चलकर या अपने शरीर पर कील गड़ाकर खुद को पीड़ा पहुंचाते हैं।