भुवनेश्वर के सम अस्पताल में लगी आग के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले सरकार की लापरवाही को संज्ञान में लेते हुए एनएचआरसी ने राज्य सरकार को नोटिस भेजा है। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी सम अस्पताल का दौरा किया और घायलों को हर संभव मदद देने की बात की।
गौरतलब है कि सम अस्पताल में सोमवार शाम को लगी आग में 23 लोगों ने जान गंवा दी थी और लगभग 105 गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने अस्पताल के सुप्रीटेंडेंट पुष्पराज सामंत, सेफ्टी ऑफिसर संतोष दास, इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस इंजीनियर अमूल्य साहू और जूनियर इंजीनियर माल्या साहू को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार हुए लोगों में एक फायर सेफ्टी ऑफिसर भी शामिल है। सब पर गैर इरादतन हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा अग्निशमन विभाग की तरफ से भी अस्पताल के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज करवाई गई है। उसमें शिकायत की गई है कि 2013 में उन्होंने फायर सेफ्टी ऑडिट के दौरान कुछ सिफारिशें की थी जिन्हें माना नहीं गया।