मेरी मां का सपना है कि मैं जज बनूं। लेकिन इस सपने को पूरा करने में आर्थिक तंगी आड़े आ रही थी। ऐसी स्थिति में अतुल माहेश्वरी स्कॉलरशिप का सहारा मिला है। अब मेरी मां का और मेरा सपना जरूर पूरा होगा। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अतुल माहेश्वरी स्कॉलरशिप पाने वाली छात्रा साक्षी गुप्ता ने यह बात कही है।
मूलरूप से गोरखपुर के पिपराइच नगर पंचायत की रहने वाली साक्षी इस समय लखनऊ विश्वविद्यालय से एलएलबी ऑनर्स की पढ़ाई कर रही हैं। विशेष छात्रवृत्ति के तहत पढ़ाई का पूरा खर्च अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा वहन किया जा रहा है। मंगलवार को छात्रा को पढ़ाई के खर्च के लिए चेक दिया गया।
साक्षी ने बताया कि जब वह कक्षा सात में थी तो पिता का देहांत हो गया था। इसके बाद मां मधु गुप्ता ने उनकी और दो बड़ी बहनों के पालन की जिम्मेदारी उठाई। इस समय वह गोरखपुर में जनरल स्टोर चलाती हैं। साक्षी ने इससे पहले 2014 में भी अतुल माहेश्वरी स्कॉलरशिप जीती थी। उस समय उसे 7,500 रुपये का चेक दिया गया था। इसके बाद 2016 में भी उसने स्कॉलरशिप की परीक्षा दी।
इस बार उसे 50 हजार रुपये का चेक मिला। अब देश भर में तीन विद्यार्थियों का चयन विशेष स्कॉलरशिप के लिए हुआ है। इसके तहत छात्रा की पढ़ाई का पूरा खर्च दिया जाएगा। साक्षी को इसकी पहली किस्त का चेक मंगलवार को अमर उजाला के लखनऊ कार्यालय में दिया गया।