सहारा रे स्विम नामक क्लोथिंग ब्रांड ने स्विमवियर का एक नया कलेक्शन जारी किया है। लेकिन उसका यह कलेक्शन नए विवाद की वजह बन गया है। ब्रांड ने 'औरा कलेक्शन 2022' नाम से नया स्विमवियर कलेक्शन लॉन्च किया है। विवाद की बात यह है कि इस स्विमवियर में हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीर दिख रही है। इस स्विमवियर की तस्वीरें इस समय सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं और भारतीय यूजर्स इसकी जमकर आलोचना कर रहे हैं।
माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर एक यूजर ने इस स्विमवियर की आपत्तिजनत तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि अब एस्थेटिक्स (सौंदर्य शास्त्र) के नाम पर ये लोग अब बिकनी पर हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरें छाप रहे हैं। क्या ऐसा सिर्फ डिजाइन के लिए किया गया है या फिर इसके पीछे कोई और उद्देश्य है? वहीं, एक अन्य ट्विटर यूजर ने लिखा कि अगर ये लोग इतने ही ज्यादा धार्मिक हैं तो फिर इन्हें ईसा मसीह की तस्वीर का इस्तेमाल करना चाहिए।
इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट प्राइवेट किया
ट्विटर पर इस विवाद के शुरू होने के बाद यह स्विमवियर बनाने वाली कंपनी सहारा रे स्विम ने इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट प्राइवेट कर लिया है। माना जा रहा है कि कंपनी ने यह कदम इस प्लेटफॉर्म पर विवाद में फंसने से बचने के लिए उठाया है। सोशल मीडिया यूजर्स कंपनी से इस स्विमवियर को वापस लेने की और इस कृत्य के लिए माफी मांगने की मांग उठा रहे हैं। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक इस पर कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पहले भी होती रही हैं इस तरह की घटनाएं
हिंदू देवी-देवताओं को इस तरह निशाना बनाए जाने का यह मामला कोई पहला नहीं है। इससे पहले देवी-देवताओं की तस्वीरों वाली बाथरूम मैट, डोर मैट, जूते, चप्पल जैसी वस्तुएं भी सामने आ चुकी हैं। इस तरह की वस्तुओं का सोशल मीडिया और अन्य मंचों पर खूब विवाद भी हो चुका है लेकिन इसके बाद भी कुछ कंपनियां इससे सबक लेने को तैयार नहीं हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स सहारा रे स्विम के उत्पादों का पूर्ण विरोध करने की अपील कर रहे हैं।