सबरीमाला मंदिर के बाहर तैनात पुलिसकर्मी
- फोटो : PTI
भारी विरोध प्रदर्शन के बीच विशेष प्रार्थना के लिए सबरीमाला मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं। केरल के पथानमिट्टा में किसी भी तरह की हिंसा के मद्देनजर पर्याप्त मात्रा में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। राज्य सरकार द्वारा सुरक्षा दिए जाने के बावजूद मंदिर के अंदर 10 से 50 साल की उम्र की महिलाओं का प्रवेश वर्जित है।
इसी बीच केरल भाजपा के अध्यक्ष पीएस श्रीधरन पिल्लई का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसकी वजह से राज्य की वामपंथी सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े संस्थानों में तनाव बढ़ सकता है।
वायरल वीडियो में भाजपा नेता पिल्लई यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि मंदिर के दरवाजे हर उम्र की महिलाओं के लिए खोलने की वजह से भाजपा ने इस प्रदर्शन की योजना बनाई और इसे लागू किया।
पिल्लई आगे कहते हैं कि अक्तूबर में जब दो महिलाएं मंदिर के अंदर प्रवेश करने के लिए मंदिर के पास पहुंची थी तो उस समय वह मुख्य तंत्री (सर्वोच्च पुजारी) के संपर्क में थे। तंत्री कंदारारू राजीवारू ने धमकी थी कि यदि महिलाएं मंदिर के अंदर आईं तो वह मंदिर को बंद कर देंगे। भाजपा नेता ने कहा, 'उन्होंने मुझसे पूछा कि मंदिर के दरवाजे बंद करने से अदालत की अवमानना तो नहीं होगी। मैंने उन्हें कहा कि यदि परंपराओं का उल्लंघन होता हो वह जो चाहें उसे करने के लिए स्वतंत्र हैं।'
बाद में पिल्लई ने कहा कि भारतीय युवा मोर्चा के कांफ्रेस में दिए गए उनके भाषण को जानबूझकर भक्तों के बीच भ्रम फैलाने के लिए लीक किया गया है। सीपीआई(एम) के सचिव कोडियारी बालाकृष्णन ने तंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है क्योंकि उसने पिल्लई के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा था। हालांकि तंत्री ने इस बात से साफ इंकार करते हुए कहा कि उसने किसी से भी कानूनी सलाह नहीं ली थी।
बहुत से हिंदू संगठनों ने उच्चतम न्यायालय द्वारा सितंबर में दिए आदेश का विरोध किया है। जिसमें न्यायालय ने
सबरीमाला मंदिर अंदर माहवारी उम्र की महिलाओं के प्रवेश पर लगे पारंपरिक प्रतिबंध को खत्म करते हुए सभी उम्र की महिलाओं के लिए इसके द्वार खोल दिए थे। इसी बीच सोमवार शाम को मंगलवार शाम तक के लिए मंदिर के दरवाजे फिर से खोले गए हैं। सोमवार को किसी तरह की हिंस नहीं हुई लेकिन मंगलवार को एक महिला के प्रवेश को लेकर प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया। जिसमें अमृता टीवी का एक कैमरामैन घालय हो गया है।