रूस के सैनिक यूक्रेन के शहर सिविरोदोनेत्स्क के बाहरी इलाके में प्रवेश कर गए हैं। क्षेत्रीय गवर्नर ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी। इलाके में लड़ाई के हालात गंभीर बने हुए हैं और गोलाबारी लगातार जारी है।
यूरोपीय संघ यूक्रेन पर हमला करने के लिए यह सुनिश्चित करना चाहता है कि मॉस्को इसकी भारी कीमत चुकाए। लेकिन, एक शिखर सम्मेलन में शिरकत कर रहे नेताओं का कहना है कि वह फिलहाल रूस के खिलाफ नए प्रतिबंधों का एलान नहीं करने वाले हैं।
यूक्रेनी सैनिकों को सिविरोदोनेत्स्क के बाहरी इलाके में रूसी बलों की लगातार गोलाबारी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन उन्होंने पीछे हटने या हथियार डालने से साफ इनकार किया है जिससे रूस की डोनबास में आक्रामकता कुछ कम हुई है।
घंटों तक गोलाबारी फिर हमला कर रहे रूसी सैनिक
लुहांस्क क्षेत्र के गवर्नर सर्ही गाइदेइ ने कहा कि रूस के सैनिक शहर के दक्षिण-पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों से बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि रूसी पहले कई घंटों तक गोलाबारी कर रहे हैं और फिर इसके बाद हमला कर रहे हैं।
उन्होंने शहर के बाहरी इलाके में बड़ी संख्या में लोगों की मौत होने की आशंका जताई।
शहर की 90 फीसदी इमारतों को पहुंचा है नुकसान
इस शहर में लगभग 90 फीसदी इमारतों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि शहर की दो तिहाई से अधिक आवासीय इमारतें पूरी तरह से तबाह हो चुकी हैं।
सिविएरोदोनेत्सक रूस की सीमा से करीब 143 किलोमीटर की दूरी पर है। हालिया समय में डोनबास क्षेत्र में लड़ाई का यह प्रमुख केंद्र बन गया है। मारियुपोल अजोव सागर के किनारे स्थित है जहां करीब तीन महीने तक रूसी सैनिकों को प्रतिरोध का सामना करना पड़ा। बाद में यूक्रेनी सैनिकों ने समर्पण कर दिया।
व्लादिमीर पुतिन ने तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन से की बात
रूस-यूक्रेन के बीच चल रही जंग के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन ने बताया कि यूक्रेन में रूसी ऑपरेशन और अन्य क्षेत्रीय मुद्दों के साथ ही तुर्की-रूसी संबंधों को लेकर चर्चा हुई। एर्दोगन ने आगे कहा कि इस समय ऐसे कदमों की आवश्यकता है जो युद्ध के नकारात्मक परिणामों को कम करेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस और यूक्रेन के बीच शांति और विश्वास को मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति एर्दोगन ने इस्तांबुल में रूस, यूक्रेन और संयुक्त राष्ट्र के साथ बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। एर्दोगन ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि आतंकवादी संगठन कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी द्वारा तुर्की और सीरियाई नागरिक आबादी के खिलाफ सीरिया में हमले जारी हैं।