तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने राज्य सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए दावा किया है कि डीएमके सरकार ने तमिलनाडु राज्य विपणन निगम में हुए 1,000 करोड़ रुपये के घोटाले से जनता का ध्यान भटकाने के लिए रुपये को लेकर हंगामा खड़ा किया है।
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने शुक्रवार को दावा किया कि राज्य सरकार ने जानबूझकर रुपये पर हंगामा खड़ा किया ताकि टीएएसएमएसी (तमिलनाडु राज्य विपणन निगम) में हुए 1,000 करोड़ रुपये के घोटाले से जनता का ध्यान भटकाया जा सके। बंगलूरू के जैन विश्वविद्यालय, जयानगर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए अन्नामलाई ने कहा कि तमिलनाडु सरकार को टीएएसएमएसी में हुए 1,000 करोड़ रुपये के घूसखोरी के मामले पर जवाब देना चाहिए, लेकिन इसके बजाय सरकार रुपये को लेकर हंगामा खड़ा कर रही है।
बजट पर भाजपाने किया वॉकआउट
उन्होंने बताया कि तमिलनाडु विधानसभा में भाजपा के चार विधायकों ने बजट सत्र से वॉकआउट किया क्योंकि यह बजट महज दिखावा था। अन्नामलाई ने कहा, पिछले चार सालों के तमिलनाडु सरकार के बजट को देखें तो इनमें कोई ठोस योजना नहीं है। यह बजट भी केवल जनता को भ्रमित करने वाला है।
विज्ञापन
कर्ज में डूब रहा है तमिलनाडु!
भाजपा नेता ने तमिलनाडु सरकार की वित्तीय नीतियों पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार 'सिर्फ कर्ज ले रही है और खर्च कर रही है, लेकिन विकास पर ध्यान नहीं दे रही'। उन्होंने कहा 'राज्य का कर्ज पहले ही 9.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और जल्द ही यह 10 लाख करोड़ को भी पार कर सकता है। तमिलनाडु आज देश का सबसे कर्जदार राज्य बन चुका है'।
सीएम स्टालिन की बैठक को बताया 'गैर-जरूरी'
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की तरफ से 22 मार्च को बुलाए गए निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन पर बैठक को अन्नामलाई ने 'गैर-जरूरी' करार दिया। गृह मंत्री अमित शाह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि परिसीमन में किसी राज्य का फायदा या नुकसान नहीं होगा।'
'मुद्दा बनाना चाहती है डीएमके'
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पहले ही कह चुके हैं कि बीजेपी कांग्रेस के परिसीमन मॉडल को नहीं अपनाएगी और किसी भी राज्य की राजनीतिक ताकत को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा, खासतौर पर दक्षिण भारतीय राज्यों की। अन्नामलाई ने आरोप लगाया, लेकिन डीएमके सरकार इस मुद्दे को बेवजह तूल देकर जनता को गुमराह कर रही है'। उन्होंने कहा कि बीजेपी तमिलनाडु में जनता के अधिकारों और पारदर्शिता की लड़ाई जारी रखेगी।