पर्यावरण कार्यकर्ता स्व. सुंदरलाल बहुगुणा को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' देने के सवाल पर सियासत गरमा गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बहुगुणा के लिए भारत रत्न देने की मांग की। इस पर भाजपा ने कहा कि केजरीवाल अब तक 300 लोगों के लिए भारत रत्न देने की मांग कर चुके हैं, भारत रत्न रेवड़ी नहीं जो केजरीवाल सबको बांटते फिरें। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भाजपा की इस टिप्पणी को बहुगुणा का अपमान बताया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है कि भाजपा को सुंदरलाल बहुगुणा का अपमान नहीं करना चाहिए।
इस पूरे विवाद की शुरूआत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के 16 जुलाई के एक पत्र से हुई, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सुंदरलाल बहुगुणा को भारत रत्न देने की मांग की। सीएम ने कहा था कि पर्यावरण के प्रति बहुगुणा के योगदान को देखते हुए उन्हें भारत रत्न का पुरस्कार दिया जाना चाहिए। इससे उन्हें तो सम्मान मिलेगा ही, प्रकृति के प्रति युवाओं को जागरूक भी किया जा सकेगा। केजरीवाल ने इसके पूर्व कोरोना काल में सेवाओं के लिए किसी डॉक्टर को भारत रत्न देने की मांग की थी।
बीजेपी ने कहा, रेवड़ी नहीं
दिल्ली भाजपा मीडिया प्रभारी नवीन कुमार जिंदल ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल अब तक 300 से ज्यादा लोगों को भारत रत्न देने की मांग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई रेवड़ी नहीं है कि अरविंद केजरीवाल उसे देते फिरें। पार्टी ने आरोप लगाया कि केजरीवाल जमीनी कामकाज नहीं करते, बल्कि मूल मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के विवाद खड़े करते रहते हैं।
शहीद जवानों व डॉक्टरों को एक-एक करोड़ नहीं दे सके केजरीवाल
जिंदल के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल ने कोरोना काल में शहीद दिल्ली पुलिस के जवानों और डॉक्टरों को एक-एक करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। वे अब तक अपने उस वायदे को पूरे नहीं कर पाए हैं। यहां तक कि कई परिवार आर्थिक सहायता पाने के लिए आदालत के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता नहीं मिल पा रही है। अरविंद केजरीवाल अब अपनी जिम्मेदारी निभाने की बजाय भारत रत्न दिए जाने की मांग करने लगे हैं।
केजरीवाल ने कहा, यह बहुगुणा का अपमान
लेकिन भाजपा नेता की इस टिप्पणी के बाद आम आदमी पार्टी आगबबूला है। पार्टी ने इसे सुंदरलाल बहुगुणा का अपमान बताया है। इस टिप्पणी के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा 'बीजेपी को मुझे जो गाली देनी है दे सकती है, लेकिन स्वर्गीय सुंदरलाल बहुगुणा के लिए ऐसी ओछी बात न करें।' वहीं, उत्तराखंड के आप प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने ट्वीट कर कहा, 'यह भाजपा द्वारा सिर्फ सुंदरलाल बहुगुणा का अपमान नहीं है। ये समूचे उत्तराखंड का अपमान है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी भाजपा नेता के इस अपमानजनक टिप्पणी पर उत्तराखंड की जनता से माफी मांगे।'
उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी पूर्व कर्नल अजय कोठियाल के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'दिल्ली बीजेपी कार्यकर्ता कहते हैं कि भारत की शान सुंदरलाल बहुगुणा को भारत रत्न नहीं मिलना चाहिए। रेवडी के पैकेट से तुलना करी जाती है उत्तराखंडियों की। क्या उत्तराखंड के बीजेपी मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का भी यही सोचना है।'