महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के नींव की विचारधारा भाजपा और आरएसएस से जुड़ी है। इसके साथ ही उन्होंने सत्ताधारी पर दोहरी नीति का भी आरोप लगाया है।
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने शनिवार को एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि पाकिस्तान की नींव की विचारधारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएसृ) से जुड़ी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भाजपा के पूर्ववर्ती संगठन मुस्लिम लीग के साथ थे।
शिवसेना की विरोध रैली पर पलटवार
यह बयान शिवसेना की उस विरोध रैली के जवाब में आया, जो मुंबई के दादर स्थित तिलक भवन के पास निकाली गई थी। यह रैली कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण के हिंदू और सनातन आतंकवाद को लेकर दिए गए बयान के खिलाफ थी, जो 2008 मालेगांव ब्लास्ट केस से जुड़ा था।
विज्ञापन
सुप्रीम कोर्ट में मालेगांव केस को लेकर अपील क्यों नहीं?
हर्षवर्धन सपकाळ ने कहा कि 'अगर उन्हें मार्च निकालना ही था, तो मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के घर के बाहर करते।' उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि भाजपा सरकार ने अभी तक 2008 मालेगांव विस्फोट मामले में बरी हुए आरोपियों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील करने का फैसला क्यों नहीं किया, जबकि 2006 मुंबई ट्रेन ब्लास्ट केस में तुरंत अपील की घोषणा की गई थी। उन्होंने कहा कि '26/11 के शहीद आईपीएस अधिकारी हेमंत करकरे का हर साल सम्मान करते हैं और अब उन्हीं के खिलाफ अपमानजनक बातें कर रहे हैं। यह भाजपा की दोहरी नीति है।'
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि अगर प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यालय पहुंचते, तो उन्हें 'करकरे को किसने मारा?’ नाम की किताब भेंट की जाती, जो एक मौजूदा मंत्री के भाई की तरफ से लिखी गई है और जिसमें आरएसएस से जुड़े गंभीर आरोप हैं।
शिवसेना ने कांग्रेस पर लगाया आरोप
वहीं, शिवसेना (शिंदे गुट) ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिंदुओं को बदनाम करने की कोशिश कर रही है और उसकी विचारधारा तुष्टिकरण पर आधारित है। पार्टी की नेता मनीषा कायंदे ने कहा कि कांग्रेस अब पाकिस्तान की प्रवक्ता की तरह बर्ताव कर रही है।