महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम और एनसीपी सुप्रीमो रहे अजित पवार के घर के पास काला जादू किया गया था। ये दावा उनके भतीजे और एनसीपी-एसपी विधायक रोहित पवार ने किया है, उन्होंने इस मामले में जांच की भी मांग की है।
रांकपा शरद पवार पार्टी के नेता रोहित पवार ने शुक्रवार को पिछले साल महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आवास के पास कथित तौर पर हुई काला जादू की घटनाओं की गहन जांच की मांग की और इन कृत्यों को अंजाम देने वाले व्यक्तियों की पहचान करने की मांग की। बता दें कि, महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम और एनसीपी सुप्रीमो रहे अजित पवार का निधन बारामती में 28 जनवरी को एक विमान हादसे में हुआ था। इसके बाद से रोहित पवार कई मौकों पर इस दुर्घटना की जांच की मांग कर चुके हैं।
पुणे और मुंबई आवास के बाहर किया गया काला जादू
रोहित पवार ने कहा कि पुणे जिले के भिगवण रोड स्थित 'सहयोग सोसायटी' और मुंबई के 'देवगिरी बंगले' के पास पिछले साल कुछ संदिग्ध धार्मिक या तांत्रिक गतिविधियां हुई थीं। इन गतिविधियों में नासिक के एक कथित ज्योतिषी का नाम सामने आ रहा है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र जैसे प्रगतिशील राज्य में अंधविश्वास और ऐसे धोखाधड़ी वाले कामों की कोई जगह नहीं होनी चाहिए, इसलिए इस पूरे मामले की गहराई से जांच जरूरी है। रोहित पवार ने यह भी मांग की कि यह पता लगाया जाए कि इन कथित काले जादू की गतिविधियों के पीछे कौन लोग थे, किसने इन्हें करवाया और क्या इसके पीछे कोई राजनीतिक मकसद था। उन्होंने प्रशासन से पूरी घटनाक्रम की जांच करने और दोषियों की पहचान करने की अपील की है।
विज्ञापन
एनसीपी नेता अमोल मितकारी ने क्या दिया था बयान
इस मामले की शुरुआत एनसीपी नेता अमोल मितकारी के बयान से हुई थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया था कि नवंबर 2025 में पुणे जिले में कुछ तांत्रिक अनुष्ठान किए गए थे, जिनका संबंध 'शिवलिका आश्रम' से बताया जा रहा है। यह आश्रम स्वयंभू ज्योतिषी अशोक कुमार खारत चलाता है, जिसे मितकारी ने फर्जी बाबा बताया। मितकारी ने यह भी सवाल उठाया कि 27 जनवरी को सड़क से पुणे जाने का कार्यक्रम तय होने के बावजूद, अगले ही दिन 28 जनवरी को अजित पवार ने विमान से यात्रा क्यों की। उन्होंने पूछा कि यह फैसला किसकी सलाह पर लिया गया था और क्या उनके किसी करीबी का संबंध उस ज्योतिषी से था।
ज्योतिषी अशोक खारत दुष्कर्म मामले में पुलिस हिरासत में
उधर, जिस ज्योतिषी अशोक कुमार खारत का नाम इस मामले में सामने आ रहा है, उसे नासिक पुलिस ने हाल ही में एक महिला के साथ तीन साल तक दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। फिलहाल उसे 24 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। कुल मिलाकर, यह मामला अब सिर्फ अंधविश्वास तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसमें राजनीति, संदिग्ध गतिविधियां और एक बड़े हादसे के बीच संभावित कनेक्शन की जांच की मांग तेज हो गई है।