प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजस्थान के बीकानेर में हुए जमीन सौदे के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा से जुड़ी कंपनी को नोटिस जारी किया है। ईडी इस मामले में मनी लांड्रिंग के आरोपों की जांच कर रहा है।
सूत्रों ने बताया कि स्काईलाइट हॉस्पिटेलिटी कंपनी को प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया गया है। कंपनी को कुछ वित्तीय ब्यौरा देने और जांच से जुड़े कुछ अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
ईडी ने इस मामले में पिछले महीने राजस्थान और अन्य स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया था और कुछ अहम दस्तावेज बरामद करने का दावा किया था। यह मामला बीकानेर के कोलायत क्षेत्र में 275 बीघा जमीन की खरीद से जुड़ा है।
स्थानीय तहसीलदार ने इस मामले में शिकायत दी थी, जिसके बाद राज्य पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इसी एफआईआर के आधार पर ईडी ने पिछले साल इस मामले में मनी लांड्रिंग का केस दर्ज किया था।