रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि 'महिला पहलवानों, किसानों और हरियाणा के लोगों के साथ मेरे जो अनुभव हैं, हम सभी परिणामों से आश्चर्यचकित हैं। मैं यही कहूंगा कि लोगों ने जिसे भी चुना है, अब उन्हें राज्य के विकास की ओर देखना चाहिए।'
हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिली हार को कांग्रेस पार्टी और इसके नेता पचा नहीं पा रहे हैं। अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा ने भी हरियाणा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मिली हार पर हैरानी जताई है। हालांकि उन्होंने चुनाव नतीजों को स्वीकार करते हुए कहा कि अब जनता ने जिसे भी चुना है, उन्हें राज्य के विकास की ओर देखना चाहिए।
विज्ञापन
हरियाणा चुनाव के नतीजों पर जताई हैरानी
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि 'महिला पहलवानों, किसानों और हरियाणा के लोगों के साथ मेरे जो अनुभव हैं, हम सभी परिणामों से आश्चर्यचकित हैं। मैं यही कहूंगा कि लोगों ने जिसे भी चुना है, अब हमें राज्य के विकास की ओर देखना चाहिए।' वाड्रा ने कहा कि 'वे (भाजपा) राजनीति में मेरे नाम का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन मुद्दों पर बात नहीं करते हैं। खट्टर सरकार ने ही दो बार मुझे क्लीन चिट दी थी। अब चूंकि भाजपा सरकार तीसरी बार सत्ता में आई है तो उन्हें लोगों की परेशानी की तरफ ध्यान देना चाहिए।'
'मुझे बेवजह राजनीति में घसीटा गया'
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि 'मैं सक्रिय राजनीति में नहीं हूं, लेकिन राजनीतिक पार्टियां बीते 10-15 वर्षों से मेरे नाम का इस्तेमाल कर रही हैं। ऐसे में मुझे भी राजनीति के तौर-तरीकों को सीखना पड़ा। वे मुझे राजनीति में घसीट लाए तो इसलिए मैं भी अब राजनीति में दिलचस्पी लेता हूं। मैं राहुल गांधी की बात से सहमत हूं कि जो ईवीएम 99 प्रतिशत चार्ज थीं, वहां कांग्रेस पार्टी की हार हुई। एग्जिट पोल्स में भी कांग्रेस को बड़े बहुमत से जीतने का दावा किया गया था, लेकिन मैं फिर यही कहूंगा कि अब जिस भी पार्टी को जनता ने चुना है, उनके नेताओं को अब अपने वादे पूरे करने चाहिए।'