कांग्रेस के पूर्व सांसद सुन्दरलाल तिवारी का सोमवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। तिवारी, मध्यप्रदेश के विन्य क्षेत्र के कांग्रेस के कद्दावर नेता एवं मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीनिवास तिवारी के पुत्र थे। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि वह 65 वर्ष के थे और उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
रीवा के संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ एपीएस गहरवार ने बताया कि उन्हें सोमवार सुबह अपने घर में दिल का दौरा आया था और अस्पताल लाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि दिल की बीमारी के चलते तिवारी की पूर्व में एंजियोप्लास्टी हो चुकी थी। वह रीवा लोकसभा क्षेत्र से सांसद और रीवा जिले से विधायक रह चुके हैं।