कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने बुधवार को कहा कि केंद्र के आर्थिक पैकेज में गरीबों, प्रवासी मजदूरों और मध्यम वर्ग के लिए कुछ भी नहीं है। इस दौरान उन्होंने देश के कमजोर वर्ग के 13 करोड़ लोगों के खातों में पैसे डालने की केंद्र सरकार से अपील की है।
वित्तमंत्री की तरफ से पेश किए गए आर्थिक राहत पैकेज को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जीरो (शून्य) बताया है। अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए बुधवार को केंद्र सरकार की तरफ से कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं, लेकिन ममता बनर्जी का कहना है कि इस राहत पैकेज में राज्यों के लिए कुछ भी नहीं है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की तरफ से सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्यमों (एमएसएमई) के लिए दिए गए विशेष आर्थिक पैकेज को भारत की आत्मनिर्भरता का पैकेज बताया।
उन्होंने कहा कि यह पैकेज महामारी से हुए नुकसान से हमें उबारेगा और एमएसएमई सेक्टर को मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि यह पैकेज रोजगार बढ़ाने का विराट अभियान है।