भारत में हिमनद झीलों का क्षेत्रफल 2011 से जुलाई 2025 के बीच 14 वर्षों में 27 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ा है। सेंट्रल वॉटर कमीशन की जुलाई 2025 की रिपोर्ट 'मंथली मॉनिटरिंग रिपोर्ट ऑफ ग्लेशियल लेक्स एंड वॉटर बॉडीज इन द हिमालयन रीजन' में यह खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताविक, भारत में स्थित 55 हिमनद झीलों का जल फैलाव क्षेत्र 2011 के 1,952 हेक्टेयर के मुकाबले जुलाई 2025 में बढ़कर 2,496 हेक्टेयर हो गया है। यानी इन झीलों के क्षेत्रफल में 27.87 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
रिपोर्ट में कुल 100 हिमनद झीलों का विश्लेषण किया गया था, जो लद्दाख, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में फैली हैं। इनमें से 58 झीलों में जल क्षेत्र में वृद्धि दर्ज की गई। आगे के विश्लेषण के लिए सिर्फ 55 हिमनद झीलों पर विचार किया गया था। बाकी झीलों में 40 सुप्राग्लेशियल डेब्रिस कवर झीलें शामिल थीं। इनकी कोई इन्वेंट्री डिटेल्स नहीं हैं।
सीडब्ल्यूसी ने जिन झीलों की लगातार निगरानी की है, उनमें लद्दाख की 8, जम्मू कश्मीर की 7, हिमाचल प्रदेश की 5, उत्तराखंड की 6, सिक्किम की 28 और अरुणाचल प्रदेश की 4 झीलें शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पूरे हिमालयी क्षेत्र में हिमनद झीलों और जल निकायों का कुल क्षेत्रफल 2011 में 5,29,116 हेक्टेयर था, जो 2025 में 5,61,014 हेक्टेयर हो गया। यानी इसमें 6.03 फीसदी की कुल वृद्धि हुई है। (सीडब्ल्यूसी ने इस निगरानी के लिए सेंटिनल 1 और सेंटिनल 2 सैटेलाइट की तस्वीरों का उपयोग किया। इन तस्वीरों को गूगल अर्थ इंजन प्लेटफॉर्म के जरिये प्रोसेस किया गया। झीलों को जल फैलाव के आधार पर 40 प्रतिशत से अधिक, 40 प्रतिशत तक, कोई बदलाव नहीं, कमी, या वादल और बर्फ से ढकी स्थिति जैसी श्रेणियों में वांटा गया था।
नए डाटा से और भी खुलासे
जल शक्ति मंत्रालय के तहत सीडब्ल्यूसी की मॉर्फोलॉजी एंड क्लाइमेट चेंज डायरेक्टरेट ने जुलाई 2025 में कुल 2,843 हिमनद झीलों और जल निकायों की निगरानी की। इनमें 581 झीलें भारत में और 1,360 ट्रांस-बाउंडरी क्षेत्र में हैं, जो इंडस, गंगा और ब्रह्मपुत्र बेसिन को कवर करती हैं। ग्लेशियल लेक एटलस 2023 के तहत शामिल भारतीय झीलों का कुल क्षेत्रफल 2021 के 11,963 हेक्टेयर से बढ़कर 2025 में 12,890 हेक्टेयर हो गया। यानी इसमें 7.74 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, ट्रांस-बाउंडरी क्षेत्र में यह बढ़ोतरी 5.77 प्रतिशत रही। रिपोर्ट यह भी बताती है कि जुलाई 2025 में भारत की 471 हिमनद झीलों में जल क्षेत्र में वृद्धि दर्ज की गई।