दिल्ली पुलिस ने लाल किला ब्लास्ट में इस्तेमाल हुई हुंडई i20 कार की 11 घंटे की ट्रेल ट्रेस कर ली है। कार सोमवार सुबह फरीदाबाद से चली और शाम 6:52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट हुआ, जिसमें 12 लोगों की मौत हुई। जांच में पता चला कि कार कई घंटों तक लाल किला पार्किंग में खड़ी रही।
दिल्ली के लाल किले में सोमवार को हुए बम धमाके की जांच में पुलिस और जांच एजेसिंया जुटी हुई है। पुलिस ने इस हमले में इस्तेमाल की गई आई-20 कार के रूट का पता लगा लिया है। दिल्ली पुलिस को हुंडई i20 कार के 11 घंटे के रास्ते का पता लगाया है। इस जानकारी से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कार फरीदाबाद से कैसे दिल्ली तक पहुंची।
विज्ञापन
सूत्रों ने बताया कि कार ने सोमवार सुबह फरीदाबाद से अपनी यात्रा शुरू की और दिल्ली के कई हिस्सों से होते हुए सोमवार शाम लगभग 6:52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास पहुंची थी। इस दौरान कार दिल्ली के कई इलाकों से होकर गुजरी। सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा से प्राप्त आंकड़ों ने जांचकर्ताओं को वाहन की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी जुटाने में मदद की है। फिलहाल पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि इस दौरान वाहन में कौन मौजूद था।
संदिग्ध मूवमेंट की पूरी टाइमलाइन
जांच में पता चला कि कार सुबह सात बजकर 30 मिनट पर फरीदाबाद के एशियन हॉस्पिटल के बाहर देखी गई। इसके बाद आठ बजकर 13 मिनट पर यह कार बदरपुर टोल प्लाजा पार कर दिल्ली में दाखिल हुई। 8 बजकर 20 मिनट पर यह कार ओखला इंडस्ट्रियल एरिया के पास एक पेट्रोल पंप के कैमरे में कैद हुई। दोपहर 3 बजकर 19 मिनट पर यह लाल किला परिसर से सटे पार्किंग में दाखिल हुई, जहां यह लगभग तीन घंटे तक खड़ी रही।
धमाके से पहले के 30 मिनट पर फोकस
शाम छह बजकर 22 मिनट पर कार पार्किंग से निकलकर लाल किले की दिशा में बढ़ी। पुलिस के अनुसार, यह 30 मिनट का समय अब जांच का सबसे अहम हिस्सा है। छह बजकर 52 मिनट पर कार में जोरदार धमाका हुआ जिसने वाहन को पूरी तरह चकनाचूर कर दिया। धमाके से आसपास की इमारतों और मेट्रो स्टेशन के शीशे टूट गए और मौके पर अफरातफरी मच गई।
पुलिस की जांच जारी
दिल्ली पुलिस एनसीआर के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि पता लगाया जा सके कि दिनभर इस कार के संपर्क में कौन-कौन लोग आए। एक अन्य अधिकारी के अनुसार, यह कार एक पेट्रोल पंप पर प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाने भी गई थी ताकि जांच के दौरान सभी कागजात मौजूद दिख सकें। पुलिस अब सभी सूत्रों को जोड़कर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।