यह अभियान रेड एफएम के श्रोताओं को सकारात्मक कंटेंट के साथ हौसला बनाए रखने के लिए प्रेरित करेगा। जाने माने क्रिकेटर सुरैश रैना और बॉलीवुड के लोकप्रिय म्यूजिक कम्पोजर और गायक शेखर रवजिआनी इस अभियान का चेहरा होंगे। दिल्ली से आरजे रौनक पूरे नेटवर्क में अभियान का नेतृत्व करेंगे।
सुरेश रैना और शेखर रवजिआनी देश के लोकप्रिय व्यक्तित्व हैं। सुरेश रैना श्रोताओं के साथ उम्मीदों से भरी कहानियां साझा करेंगे। वे लाखों लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं ऐसे में ‘उम्मीदों से भरे उनके अपडेट’ रेड एफएम के नेटवर्क के जरिये देश के लाखों लोगों तक पहुंच कर उन्हें प्रेरित करेंगे। इसी तरह शेखर रवजिआनी देश के विभिन्न हिस्सों से ‘हौसलें के हीरो’ को श्रोताओं के साथ जोड़ेंगे। ये वे लोग हैं जिन्होंने इस मुश्किल समय के बीच अपने तरीके से लोगों को उम्मीद की नई किरण दी है। ‘हौसला हाई रख’ के साथ शेखर रवजिआनी द्वारा गाया गया विशेष गीत भी पेश किया गया है, लोगों का हौसला बढ़ाना इसका मुख्य उद्देश्य है। इस गीत में सुरेश रैना भी दिखाई देंगे।
अभियान के बारे में बात करते हुए निशा नारायणन, डायरेक्टर एवं सीओओ, रेड एफएम और मैजिक एफएम ने कहा, ‘आज पूरा देश कोरोवायरस महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहा है, ऐसे में यह जरूरी है कि हम उनमें दयालुता, सकारात्मकता को बढ़ावा दें, उन्हें उम्मीदों के साथ प्रोत्साहित करें। रेड एफएम का अभियान ‘हौसला हाई रख’ समाज की सकारात्मक कहानियों को श्रोताओं के समक्ष लाने की दिशा में अनूठा प्रयास है। इस मुश्किल समय के बीच लोगों को सकारात्मकता देना अभियान का मुख्य उद्देश्य है जब चारों और कोविड-19 संकट के काले बादल मंडरा रहे हैं।’
इस अवसर पर सुरेश रैना ने कहा, ‘पिछले एक साल के दौरान उम्मीद ने ही मेरे परिवार और प्रियजनों को सुरक्षित रखा है। जहां एक ओर चिकित्सा समुदाय एवं फ्रंटलाइन कार्यकर्ता अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं, एक समुदाय के रूप में यह जरूरी है कि हम लोगों की उम्मीदों को जिंदा रखें, उन्हें अपने आप पर भरोसा रखने की ताकत दें। मुझे खुशी है कि मै इस अभियान का हिस्सा हूं, जो देश भर में सकारात्मकता और उम्मीदें बिखेरने जा रहा है।’
इस साझेदारी पर बात करते हुए शेखर रवजिआनी ने कहा, ‘इस चुनौतीपूर्ण समय में यह बेहद महत्वपूर्ण है कि हम एक दूसरे के प्रति सहानुभूति और दयालुता रखें। हम अपने प्रियजनों को सुरक्षित रखने के लिए कोशिशें करते रहें हैं और उन लोगों को उम्मीद का संदेश देना चाहते हैं जो अभी मुश्किल के दौर से गुज़र रहे हैं। मुझे गर्व है कि हम ऐसे लोगों की प्रेरक कहानियां आपके लिए पेश करने जा रहे हैं जिन्होंने सभी चुनौतियों के बावजूद संघर्ष कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश की है। इस महामारी के दौरान उल्लेखनीय मानवतावादी कार्यों ने मुझे गहराई से प्रभावित किया है और ये लोग एक बेहतर और दयालुतापूर्ण कल के लिए प्रयासरत हैं।’