राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) में परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के फैसले को लेकर नाराजगी सामने आई है। पार्टी के सोशल मीडिया सेल के प्रदेश महासचिव रामेश्वर खामकर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने साफ कहा कि उनके लिए पद और सत्ता से ज्यादा विचारधारा और आत्मसम्मान जरूरी है। खामकर ने अपने इस्तीफे में पार्टी के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा को समर्थन देना उनकी विचारधारा के खिलाफ है। उन्होंने इसे कार्यकर्ताओं की भावनाओं का अपमान भी बताया है।
रामेश्वर खामकर ने अपने इस्तीफे में कहा कि सोशल मीडिया सेल के क्षेत्रीय महासचिव के रूप में उन्होंने पार्टी की बात जनता तक पहुंचाने और प्रगतिशील विचारों को आगे बढ़ाने की कोशिश की। लेकिन परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर भाजपा को समर्थन देने का पार्टी का फैसला उन्हें मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि वह शिव-शाहू-फुले-आंबेडकर की विचारधारा का समर्थन करते हैं। उनके मुताबिक, राजनीतिक फैसलों पर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन विचारधारा से समझौता नहीं किया जा सकता।
खामकर ने पार्टी के फैसले पर क्या सवाल उठाए?
खामकर ने कहा कि यह मामला केवल एक विधेयक को समर्थन देने तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी की विचारधारा से जुड़ा है। उन्होंने सवाल किया कि जो कार्यकर्ता अब तक भाजपा के फैसलों का विरोध करते रहे हैं, वे जनता के सामने अब क्या जवाब देंगे? कल तक जिस विचारधारा के खिलाफ पार्टी लड़ रही थी, आज उसी का समर्थन करने के पीछे क्या तर्क है? उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता की सुविधा के लिए बार-बार राजनीतिक रुख बदलने से कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत होती हैं।
पार्टी की छवि को लेकर क्या जताई नाराजगी?
खामकर ने अपने पत्र में कहा कि राजनीतिक सुविधा के हिसाब से बार-बार भूमिका बदलने से पार्टी की मूल विचारधारा और उसकी प्रगतिशील छवि को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिसीमन विधेयक का समर्थन सरकार के बड़े राजनीतिक फैसलों और उसकी नीतियों को चुपचाप मंजूरी देने का जरिया नहीं बनना चाहिए। उनके मुताबिक, पार्टी को यह तय करना होगा कि वह सत्तारूढ़ भाजपा के फैसलों का समर्थन करेगी या अपने प्रगतिशील विचारों पर कायम रहेगी।
इस्तीफे के बाद खामकर ने क्या कहा?
खामकर ने कहा कि उनके लिए पद से ज्यादा विचार, सत्ता से ज्यादा आत्मसम्मान और राजनीतिक वफादारी से ज्यादा संविधान के प्रति निष्ठा जरूरी है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि वह अपनी विचारधारा से किसी तरह का समझौता नहीं कर सकते, इसलिए सोशल मीडिया सेल के क्षेत्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने पार्टी से इस्तीफा स्वीकार करने की मांग की। साथ ही कहा कि उनकी लड़ाई किसी पद के लिए नहीं थी और आगे भी नहीं होगी। वह पद पर रहें या नहीं, देश, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रगतिशील विचारों के साथ संघर्ष जारी रखेंगे।