सलमान खान की फिल्म सुल्तान इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म की चर्चा कई वजहों से हो रही है लेकिन एक वजह ये भी है कि फिल्म रिलीज होने से पहले ही यह ऑनलाइन लीक हो गई है। हालांकि निर्माताओं को इससे कोई बहुत ज्यादा फर्क नहीं पड़ना है क्योंकि फिल्म सिनेमाघरों में जबरदस्त झंडे गाड़ रही है और सलमान के दिवानों के लिए तो इस फिल्म को देखने का मजा सिनेमा हॉल में ही है। लेकिन सवाल यह है कि हर आने वाली फिल्म जिसको लेकर थोड़ी
बहुत भी चर्चा होती है वह रिलीज से पहले ही लीक हो जाती है।
इससे पहले उड़ता पंजाब को लेकर जमकर विवाद हुआ फिल्म के प्रदर्शन को जैसे तैसे हरी झंडी मिली लेकिन रिलीज होने से पहले ही उसके भी लीक होने की खबर सामने आ गई। पिछले हफ्ते रिलीज हुई ग्रेट ग्रैंड मस्ती के भी लीक होने की खबर है। यूं तो लीक होने वाली फिल्मों की लंबी फेहरिस्त है लेकिन सवाल यही हैं कि इसके पीछे असली कहानी क्या है। क्या ऑनलाइन हैकरों का प्रभाव इतना बढ़ चुका है कि अब निर्माताओं और फिल्म वितरकों को फिल्म को उनसे बचाना मुश्किल हो गया है या फिल्म निर्माण से प्रदर्शन के बीच की प्रक्रिया में ही ऐसे छेद हैं जो फिल्म की गोपनीयता को तार तार कर देते हैं।
आरोप सेंसर बोर्ड पर भी लगते रहे हैं तो निर्माता भी खुद कटघरे में हैं। बहरहाल कारण चाहे जो भी हों लेकिन इससे पायरेसी और ऑनलाइन हैकिंग का ऐसा सिस्टम जरूर खड़ा हो रहा है जिस पर समय रहते लगाम नहीं लगी तो वह पूरी फिल्म इंडस्ट्री को ध्वस्त कर सकता है। आप भी रखिए इस पर अपनी राय।
आखिर फिल्मों के लीक होने के पीछे क्या है असली वजह?