फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएए को लेकर युवाओं का भ्रम दूर करेंगे, पर ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ से कोई बात नहीं: रविशंकर प्रसाद

Mon, 06 Jan 2020 01:59 AM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
रविशंकर प्रसाद(फाइल फोटो)
विज्ञापन

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने रविवार को कहा कि सरकार संशोधित नागरिकता कानून से जुड़े किसी भी भ्रम को दूर करने के लिए युवाओं से बात करेगी, लेकिन आजादी का नारा लगाने वाले ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ से कोई बात नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और यहां सभी को विरोध करने की आजादी है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।

विज्ञापन


विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में प्रसाद ने साफ शब्दों में कहा, हम आलोचना का स्वागत करते हैं, लेकिन देश को बांटने वाली कोई भी आवाज या विचार मंजूर नहीं हैं। उन्होंने कहा, सरकार ने बार-बार कहा है कि नागरिकता संशोधन कानून भारत में रह रहे नागरिकों पर लागू नहीं होगा।

यहां तक कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेता कई बार पाकिस्तान और बांग्लादेश से आए प्रताड़ित अल्पसंख्यकों को भारत की नागरिकता देने की बात कह चुके हैं। इस बीच रविशंकर प्रसाद ने इस कानून के पास होने के दिन ‘नागरिकता’ नाम रखी गई लड़की से भी मिले।

विज्ञापन

कांग्रेस कर रही तुष्टीकरण की राजनीति: सीतारमण

नागरिकता कानून को लेकर भाजपा ने देशभर में जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। इसके तहत केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को यहां डोर-टू-डोर संपर्क अभियान शुरू किया। उन्होंने सांगानेर के कागजी मोहल्ला, खुदाबख्श चौराहे पर कहा, नए कानून के बारे में विपक्ष अफवाह फैला रहा है।

सीएए किसी की नागरिकता लेने के लिए नहीं है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए जानबूझकर लोगों में गलतफहमी पैदा कर रहा है।

नकवी बोले, कांग्रेस का फर्जी व मनगढ़ंत प्रचार जल्द बेनकाब होगा

उत्तर प्रदेश के रामपुर में जनसंपर्क अभियान में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब वह नए कानून के खिलाफ लोगों को भड़काने में नाकाम रही तो, भ्रम फैलाना शुरू कर दिया।
यह भी कहा कि कानून को लेकर कांग्रेस देश में ‘अस्थिरता का वातावरण’ पैदा करना चाहती है। कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगी इस मुद्दे पर अलग-अलग राय रखते हैं। उसका ‘फर्जी और मनगढ़ंत प्रचार’ जल्द ही बेनकाब हो जाएगा।

विपक्ष मुसलमानों के बीच द्वेष फैला रहा: येदियुरप्पा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने विपक्षी नेताओं को चुनौती दी कि वह साबित करे कि नए कानून में मुस्लिम समुदाय पर किसी तरह का प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने और मुसलमानों के बीच द्वेष फैलाने का आरोप लगाया।

जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी सरकार के समय भी इस कानून पर सहमति बनी थी। संपर्क अभियान के तहत राज्य के तीन करोड़ लोगों और तीस लाख घरों तक पहुंचने की पार्टी की योजना है।
 

भाजपा विचारधारा की राजनीति करती है, परिवारवाद की नहीं : नड्डा

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि उनकी पार्टी ‘विचारधारा’ के आधार पर कार्य करती है, ‘परिवारवाद’ के आधार पर नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा इकलौती पार्टी है, जहां नेतृत्व है और विकास के लिए काम करने की मंशा है।

अन्य दलों में यदि नेता हैं तो कोई रणनीति नहीं है और कुछ दलों की कामकाज की मंशा ही नहीं है। भाजपा में पीएम मोदी जैसा नेतृत्व है और अंतराष्ट्रीय समर्थन भी है।
विज्ञापन

भाजपा के टोल फ्री नंबर पर बने मीम

भाजपा ने सीएए के समर्थन में पार्टी के टोल फ्री नंबर पर विपक्षी दलों द्वारा भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। दरअसल भाजपा ने संशोधित नागरिकता कानून पर जनता का समर्थन जुटाने के लिए टोल फ्री नंबर 8866288662 जारी किया है।

पार्टी ने इस नंबर के बारे में सोशल मीडिया पर गुमराह करने वाले मीम और पोस्ट के लिए वरोधी दलों पर प्रहार किया। दरअसल अमित शाह ने कहा था कि इस नंबर के बारे में अफवाह फैलाया जा रहा है।

यह उनकी पार्टी का नंबर है, नेटफ्लिक्स का नहीं, जैसा कि कुछ सोशल मीडिया पोस्ट पर दावा किया जा रहा था। इसके कुछ घंटे बाद पार्टी ने प्रेस कांफ्रेंस कर उनकी मजम्मत की, जो अफवाह फैला रहे थे।

सीएए, एनपीआर, एनआरसी को खारिज करें नीतीश: पवन वर्मा

केंद्रीय कानून को लेकर जदयू में तनाव उभर आया है। पार्टी के महासचिव वर्मा ने रविवार को पार्टी अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर कहा कि ‘विभाजनकारी कानून सीएए, एपनीआर और एनआरसी’ को साफतौर पर खारिज कर दें।

उन्होंने कहा कि यह देश को बांटने वाला और अनावश्यक सामाजिक अशांति पैदा करने वाला एजेंडा है। पत्र में लिखा, राज्य में एनआरसी के खिलाफ आपके रुख के बावजूद भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने 15 से 28 मई के बीच एनपीआर शुरू करने की एकतरफा घोषणा कर दी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें