आधार कार्ड से जुड़े मामले में केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को राज्यसभा में कहा कि यूआईडीएआई के डाटाबेस से डाटा के लीक होने का एक भी मामला नहीं है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में आई
आधार डाटा के बेचे जाने की खबरें पूरी तरह से गलत हैं। सपा सांसद नीरज शेखर के सवाल के जवाब में रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि एक मीडिया रिपोर्ट में 500 रुपये में आधार डाटा खरीदने संबंधी खबर गलत रिपोर्टिंग का मामला है।
यूआईडीएआई ने राज्य सरकार के अधिकारियों को सर्च की सुविधा दी है, जिसमें किसी शख्स की जनसांख्यिकीय जानकारी पता लगती है। रिपोर्ट में इसी के गलत इस्तेमाल की बात कही गई है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यूआईडीएआई ने इस मामले में 4 जनवरी को शिकायत की थी। इसके आधार पर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आधार और आईटी कानून की कुछ धाराओं में मामला दर्ज किया था।