भारत ने नीति आयोग के सदस्य और कृषि अर्थशास्त्री रमेश चंद को संयुक्त राष्ट्र इकाई खाद्य एवं कृषि संगठन की अगुवाई के लिए नामित किया है। खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) ने बयान जारी कर कहा कि एफएओ सदस्य देशों की ओर से महानिदेशक पद के लिए पांच उम्मीदवारों के नाम दिए गए हैं। बता दें कि एफएओ सम्मेलन के 22-29 जून, 2019 के बीच रोम में होने वाले 41वें सत्र में एजेंसी के शीर्ष पद के लिए चयन किया जाएगा।
एफएओ के नए महानिदेशक का कार्यकाल चार साल का होगा। नामांकन की आखिरी तारीख 28 फरवरी थी। अंतिम तिथि तक भारत के अलावा कैमरून, चीन, फ्रांस और जॉर्जिया की सरकारों ने अपने उम्मीदवारों को नामित किया है।