केंद्र में भाजपा की सहयोगी रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया के नेता रामदास अठावले ने बुधवार को एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव पर निशाना साधा। दरअसल, चंद्रशेखर राव ने केंद्र सरकार के बजट पर अपनी असंतुष्टि जाहिर की थी और कहा था कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को देश से हटाने और बंगाल की खाड़ी में फेंकने की जरूरत है।
इस पर रामदास अठावले ने नाराजगी व्यक्त की। अठावले ने सीएम राव के बयान को अशोभनीय बताया और कहा कि वह तेलंगाना के मुख्यमंत्री हैं, उनका भाजपा को बंगाल की खाड़ी में फेंकने का बयान अच्छा नहीं है। अगर वह भाजपा को बंगाल की खाड़ी में फेंकने की बात करेंगे तो हम भी चुप नहीं बैठेंगे। हम उन्हें कन्याकुमारी में जाकर जहां तीन समंदर हैं- हिन्दी महासागर, अरबी महासागर और दक्षिण खादी, वहां उनको हम डूबा देंगे।
टीजी वेंकटेश ने भी साधा निशाना
इस बीच राज्यसभा सदस्य टीजी वेंकटेश ने सीएम केसीआर के भारत के संविधान को फिर से लिखने की बात को सरासर गलत बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस बयान से अंबेडकरवादियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। भाजपा सांसद ने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री नए संविधान की मांग को लेकर बेवजह हंगामा कर रहे हैं। उन्होनें कहा कि संविधान को फिर से लिखना और एक नए संविधान की मांग करना न केवल गलत है, बल्कि अंबेडकर को मानने वाले लोगों के खिलाफ भी है। उन्होंने के सीएम चंद्रशेखर राव के इस बयान एक तमाशा बताया।
इससे पहले चंद्रशेखर राव ने केंद्रीय बजट पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने देश के आम बजट को सरकार का गोलमाल बताया था। उन्होंने कहा था कि देशवासियों को अपील करना चाहता हूं कि इस सरकार का किसानों के प्रति कोई लगाव नहीं है। युवाओं में जागरुकता आनी चाहिए, भाजपा सरकार को उखाड़कर बंगाल की खाड़ी में फेंक देना चाहिए।