इतिहासकार रामचंद्र गुहा ने गुरुवार को ब्रिटिश लेखक के हवाले से गुजरात को लेकर एक ट्वीट कर लिखा कि गुजरात सांस्कृतिक तौर पर पिछड़ा हुआ है। गुहा कि इस बात पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को पसंद नहीं आई। उन्होंने गुहा को जवाब देते हुए लिखा कि पहले अंग्रेजों ने हमें बांटा और हम पर राज किया, अब अब एलीट ग्रुप के लोग भारतीयों को बांटना चाहते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत बहुत मजबूत है और हमारी आर्थिक उम्मीदें बहुत ऊंची हैं।
दरअसल, गुहा ने ब्रिटिश लेखक फिलिप स्प्रेट द्वारा 1939 में लिखी बात को ट्विटर पर शेयर किया था। फिलिप ने लिखा था- गुजरात आर्थिक तौर पर बहुत आगे है मगर सांस्कृतिक तौर पर पिछड़ा हुआ है। बंगाल में इससे उलट है। वह आर्थिक तौर पर पिछड़ा हुआ है, लेकिन सांस्कृतिक तौर पर बहुत आगे है।
सोशल मीडिया पर गर्म होते माहौल को देख गुहा ने लिखा, 'मैंने वह कोट सिर्फ इसलिए शेयर किया, क्योंकि अध्ययन के दौरान वह मुझे पसंद आया। इसके बाद गुहा ने एक और ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि वैधानिक चेतावनी, जब मैं कुछ पोस्ट करता हूं तो वह मेरी रिसर्च का हिस्सा होता है। मैं उन्हें पोस्ट करता हूं, क्योंकि वह मुझे किसी ना किसी तरह से अच्छे लगते हैं।