फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राज्यसभा: सीतारमण का कांग्रेस पर कटाक्ष, हमारा ‘अमृत काल’ आपका ‘राहु काल’

Fri, 11 Feb 2022 10:58 AM IST
सुरेंद्र जोशी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीतारमण ने कहा कि पिछले 70 सालों में से 65 साल वह सत्ता में रही और उसका ध्यान सिर्फ एक परिवार के निर्माण, उसकी मदद और उसे लाभ पहुंचाने में लगा रहा। 
विज्ञापन
NIRMALA SITARAMAN IN RAJYASABHA - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को कहा कि हमारा ‘अमृत काल’ आपका ‘राहु काल’ है। राज्यसभा में बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए उन्होंने यह बात कांग्रेस सांसद कपिल सिब्बल के तंज पर कही। उन्होंने कहा था कि यह सरकार अमृत काल की बात कर रही है, जबकि देश 2014 से राहु काल देख रहा है। यूपीए सरकार के कार्यकाल में बड़े घोटालों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह देश के लिए राहु काल था। 

विज्ञापन


वित्तमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में लोकतंत्र नहीं है, क्योंकि यूपीए सरकार में नीतियां 10, जनपथ (कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का सरकारी आवास) में बनती थीं और घोषणाएं 7, लोक कल्याण मार्ग (प्रधानमंत्री आवास) से होती थीं। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि यह देश वह दिन कभी नहीं भूल सकता जब केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले की प्रति को कांग्रेस के तत्कालीन महासचिव राहुल गांधी ने मीडिया के समक्ष फाड़कर फेंक दिया था...वह भी तब जब प्रधानमंत्री कुछ घंटों के बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति से मिलने वाले थे...वह राहु काल था।

विपक्षी पार्टी का जी-23 का गुट बन जाना राहु काल
कांग्रेस के अंदरूनी मतभेदों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी में जी-23 गुट बन जाना ही उसका राहु काल है। उन्होंने कहा कि राहु काल तो कांग्रेस का चल रहा है। हमारा तो अमृत काल चल रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पार्टी छोड़ रहे हैं...यह राहु काल है। कांग्रेस जो राहु काल का सामना कर रही है, वह 44 सीटों पर सिमट कर रह गई है और उससे आगे नहीं बढ़ पा रही है। 
विज्ञापन


कांग्रेस जिन राज्यों में सरकार में, वहां राहु काल 
वित्तमंत्री ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, राहु काल वहां है। साथ ही कांग्रेस के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे पर उन्होंने कहा कि राजस्थान में आए दिन महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहे हैं और वहां की लड़कियां लड़ नहीं सकती हैं। विपक्ष की ओर बैठे कांग्रेस नेताओं की तरफ हाथ से इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि राहु काल तो उधर है।

खड़गे ने कहा, भटकाने की हो रही कोशिश
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस ने क्या किया? कांग्रेस सचिव ने क्या किया?...आप बजट पर बोलिए हम सुनेंगे। 27 करोड़ लोग गरीबी रेखा के नीचे आ गए, जो ऊपर गए थे, उस पर बोलिए। क्रिप्टो करेंसी को स्वीकार किया है कि नहीं उस पर बोलिए। यह सब बोलिए, हम सुनने को तैयार हैं...गंभीरता से जवाब दो तो हम सुनेंगे...यह कॉमेडी टाइप बोलना बंद कीजिए। इस पर वित्तमंत्री ने कहा कि जिन विषयों पर सदन में चर्चा हुई थी, वह उन्हीं का जवाब दे रही हैं।

मनमोहन सिंह भी राज्यसभा से थे, क्या वे जमीन से कटे हुए थे
उन्होंने राज्यसभा से निर्वाचित होने के कारण जमीनी सच्चाई से दूर रहने के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में भी कई ऐसे राज्यसभा सदस्य थे जिन्हें मंत्री बनाया गया था...तो क्या उनके (विपक्ष) कहने का अर्थ यह है कि उनके मंत्री जमीन से कटे हुए थे। सिर्फ इसलिए क्योंकि वह राज्यसभा से थे। उनके समय तो देश के प्रधानमंत्री भी इस उच्च सदन से थे। तो क्या वह भी जमीन से कटे हुए थे? यह कहना चाहते हैं आप। वह इसी सदन के सदस्य थे और 10 साल देश के प्रधानमंत्री रहे। सीतारमण के जवाब के दौरान कई दफा सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच नोकझोंक और टीका-टिप्पणी भी हुई।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें