16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। ओडिशा में क्रॉस वोटिंग की आशंका के बीच कांग्रेस ने अपने 14 में से 8 विधायकों को कर्नाटक भेज दिया है। पार्टी का कहना है कि यह कदम भाजपा के कथित दबाव और प्रलोभन से विधायकों को बचाने के लिए उठाया गया है।
देशभर की सियासत में राज्यसभा चुनाव को लेकर गर्माहट बढ़ गया है। दूसरी ओर इस चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारी भी तेज कर दी है। इसी बीच ओडिशा में 16 मार्च को होने वाले राजसभा चुनाव से पहले विपक्षी कांग्रेस ने अपने 14 में से 8 विधायकों को कर्नाटक भेज दिया है। यह कदम क्रॉस वोटिंग और भाजपा के प्रभाव से बचाने के लिए उठाया गया है। इन 8 विधायकों में मुख्य व्हिप सीएस राजेन एक्का भी शामिल हैं। इस बात की जानकारी कांग्रेस के नेताओं ने शुक्रवार को दी।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस के विधायकों को बंगलूरू के एक रिसॉर्ट में रखा गया है। कांग्रेस विधायकों के नेता रमा चंद्र कदम ने कहा कि हमारे विधायकों को भाजपा के प्रलोभन और दबाव से बचाने के लिए बंगलूरू भेजा गया है। हमारे विधायक एकजुट रहेंगे। इन विधायकों को सोमवार को भुवनेश्वर लौटकर सीधे विधानसभा में वोट डालना है। इससे पहले कांग्रेस ने सभी 14 विधायकों को भुवनेश्वर बुलाया था। बाकी 6 विधायक अभी भुवनेश्वर में बजट सत्र में शामिल हैं।
ये भी पढ़ें:- Pakistan: अफगानिस्तान पर पाकिस्तान ने फिर की एयरस्ट्राइक; दोनों देशों में बढ़ा तनाव, भारत ने जताई कड़ी आपत्ति